जयपुर में कस्टमर रिव्यू के बहाने युवती को होटल ले गया बॉस, नशीला पदार्थ देकर रेप का आरोप

जयपुर में कंपनी के बॉस पर 23 वर्षीय युवती को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

जयपुर में कस्टमर रिव्यू के बहाने युवती को होटल ले गया बॉस, नशीला पदार्थ देकर रेप का आरोप

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक कंपनी के बॉस पर 23 वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी उसे कस्टमर रिव्यू का वीडियो बनाने के बहाने होटल ले गया था। वहां नाश्ते में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाने और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने का आरोप है। युवती का कहना है कि अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी ने करीब दो महीने तक अलग-अलग होटलों में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नौकरी जॉइन करने के कुछ दिन बाद होटल ले गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी 23 वर्षीय युवती ने शिकायत में बताया कि उसने 10 जुलाई को एक कंपनी में सेल्स ऑफिसर के पद पर नौकरी शुरू की थी। आरोप है कि 13 जुलाई को कंपनी के बॉस ने उसे अपने केबिन में बुलाया और अगले दिन सुबह जल्दी ऑफिस आने के लिए कहा।

14 जुलाई को आरोपी ने मीटिंग और कस्टमर को डेमो दिखाने की बात कही। इसके बाद युवती उसके साथ चली गई। ऑफिस लौटते समय आरोपी उसे एक होटल में ले गया और बताया कि वहां कस्टमर के रिव्यू का वीडियो बनाया जाएगा। काफी देर तक कस्टमर के नहीं आने पर आरोपी ने नाश्ता करने की बात कही और युवती को खाना लाकर दिया।

नाश्ते के बाद बिगड़ी तबीयत, रेप का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, नाश्ता करने के बाद उसे बेहोशी छाने लगी और तबीयत खराब महसूस होने लगी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे होटल के कमरे में आराम करने के लिए भेज दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बना लिया।

होश आने के बाद युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि वीडियो वायरल कर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर उसे डराया गया।

अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म का आरोप

शिकायत के अनुसार, 19 जुलाई को आरोपी ने युवती को दोबारा एक अन्य होटल में मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां भी खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे दिया गया और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद करीब दो महीने तक आरोपी उसे अलग-अलग होटलों में ले जाता रहा। इस दौरान अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उसके साथ 10 से 12 बार दुष्कर्म किया गया।

परिवार से दूरी बनाने का भी दबाव

पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उस पर कंपनी की दूसरी ब्रांच में शिफ्ट होने का दबाव बना रहा था। इसके लिए परिवार को राजी करने के लिए कहा गया। परिवार के मना करने पर कथित तौर पर युवती पर घर छोड़ने का दबाव बनाया गया।

पीड़िता के अनुसार, वह घर छोड़कर ऑफिस चली गई थी। बाद में परिवार के सदस्यों के समझाने पर वह वापस लौट आई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की जांच और मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जानी बाकी है।