अब घर पर ही बनाएं नेचुरल डियोड्रेंट, पसीने की बदबू से बचने के लिए अपनाएं ये आसान तरीका

महंगे डियोड्रेंट की जगह घर पर कुछ आसान सामग्रियों से नेचुरल डियोड्रेंट तैयार कर सकते हैं। जानें Homemade Deodorant बनाने का तरीका और इस्तेमाल करते समय जरूरी सावधानियां।

अब घर पर ही बनाएं नेचुरल डियोड्रेंट, पसीने की बदबू से बचने के लिए अपनाएं ये आसान तरीका

गर्मी हो या सर्दी, पसीने की बदबू कई बार लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाती है। इससे बचने के लिए ज्यादातर लोग बाजार में मिलने वाले महंगे डियोड्रेंट का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अगर आप घर पर ही डियोड्रेंट बनाना चाहते हैं, तो कुछ सामान्य सामग्रियों की मदद से इसे तैयार कर सकते हैं। हालांकि, घरेलू डियोड्रेंट भी हर किसी की त्वचा के लिए सुरक्षित हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।

Homemade Deodorant बनाने के लिए जरूरी सामग्री

घर पर डियोड्रेंट तैयार करने के लिए आपको आधा कप बेकिंग सोडा, आधा कप अरारोट पाउडर, 5 बड़े चम्मच नारियल का तेल और 10 से 15 बूंद एसेंशियल ऑयल की जरूरत होगी। खुशबू के लिए टी ट्री ऑयल, लैवेंडर ऑयल या पेपरमिंट ऑयल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

बेकिंग सोडा दुर्गंध को सोखने में मदद कर सकता है। अरारोट पाउडर नमी सोखने में सहायक होता है, जबकि नारियल का तेल मिश्रण को पेस्ट जैसा बनाने में मदद करता है। एसेंशियल ऑयल से इसमें खुशबू आती है। ध्यान रखें कि एसेंशियल ऑयल को सीधे त्वचा पर न लगाएं और इससे एलर्जी या जलन हो सकती है।

घर पर ऐसे तैयार करें नेचुरल डियोड्रेंट

सबसे पहले एक साफ और सूखा कटोरा लें। इसमें बेकिंग सोडा और अरारोट पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें धीरे-धीरे नारियल का तेल मिलाएं और सभी सामग्रियों को तब तक चलाएं, जब तक एक गाढ़ा पेस्ट तैयार न हो जाए।

इसके बाद मिश्रण में एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें डालकर दोबारा अच्छी तरह मिलाएं। तैयार पेस्ट को साफ और सूखे, एयरटाइट कांच के डिब्बे में रख सकते हैं।

डियोड्रेंट लगाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

इस Homemade Deodorant को इस्तेमाल करने से पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट करें। बेकिंग सोडा कुछ लोगों की त्वचा में जलन, खुजली या लालिमा पैदा कर सकता है। इसलिए संवेदनशील त्वचा वाले लोग इसका इस्तेमाल करने से बचें या बेकिंग सोडा रहित विकल्प चुनें।

इसे कटे-छिले हिस्से, रैशेज या शेविंग के तुरंत बाद अंडरआर्म्स पर न लगाएं। अगर लगाने के बाद जलन या खुजली हो तो तुरंत धो लें और दोबारा इस्तेमाल न करें। यह भी ध्यान रखें कि डियोड्रेंट पसीने की बदबू को कम करने में मदद करता है, लेकिन पसीना आना पूरी तरह बंद नहीं करता।