जालोर में भीषण सड़क हादसा: कार से टकराते ही बाइक में लगी आग, दो युवकों की मौत

जालोर के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में नरसाणा पुलिया के पास कार और बाइक की भिड़ंत के बाद बाइक में आग लग गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

जालोर में भीषण सड़क हादसा: कार से टकराते ही बाइक में लगी आग, दो युवकों की मौत

राजस्थान के जालोर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में नरसाणा पुलिया के पास स्विफ्ट कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

शेरगढ़ से जालोर जा रहे थे दोनों युवक

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शम्भू राम (44), निवासी साकड़ा, जैसलमेर और जगदीश उर्फ जगाराम (45), निवासी चाबा, शेरगढ़, जोधपुर के रूप में हुई है। दोनों शनिवार शाम बाइक से शेरगढ़ से जालोर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नरसाणा पुलिया के पास उनकी बाइक सामने से आ रही स्विफ्ट कार से टकरा गई।

एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई। हादसे में शम्भू राम गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, जगदीश गंभीर हालत में मिला। सूचना मिलने पर बिशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जालोर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

जालोर में चलाते थे सैलून

पुलिस के मुताबिक, शम्भू राम का जालोर के भगली प्याऊ इलाके में और जगदीश का तासखाना बावड़ी क्षेत्र में सैलून था। दोनों की मौत की खबर से परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।