भारत में पहली बार Instamart पर शुरू हुई LPG सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी, HPCL के साथ लॉन्च हुई नई सेवा
Instamart LPG Delivery शुरू हो गई है। HPCL के साथ साझेदारी के तहत अब बेंगलुरु में ऐप से 10Kg HP Navya Composite और 5Kg LPG सिलेंडर ऑर्डर किए जा सकते हैं। जानिए पूरी जानकारी।
Instamart LPG Delivery: भारत में पहली बार किसी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी शुरू हो गई है। Instamart ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर यह नई सुविधा लॉन्च की है। कंपनी का दावा है कि अब ग्राहक ऐप के जरिए एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे और तेज़ डिलीवरी का लाभ उठा सकेंगे।
फिलहाल बेंगलुरु में शुरू हुई सेवा
इस सेवा की शुरुआत फिलहाल बेंगलुरु से की गई है। यहां ग्राहक HPCL का 10 किलोग्राम HP Navya Composite LPG Cylinder और 5 किलोग्राम मेटल LPG सिलेंडर Instamart के जरिए ऑर्डर कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार देश के अन्य शहरों में भी किया जाएगा।
क्या है HP Navya Composite Cylinder की खासियत?
HPCL का HP Navya Composite LPG Cylinder पारंपरिक सिलेंडरों की तुलना में कई मायनों में अलग है।
यह सामान्य सिलेंडर की तुलना में हल्का है।
इसमें जंग लगने की समस्या नहीं होती।
पारदर्शी बॉडी होने के कारण सिलेंडर में बची गैस का स्तर आसानी से देखा जा सकता है।
इसे छोटे परिवारों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और अपार्टमेंट में रहने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
बिना घरेलू LPG कनेक्शन के भी मिलेगा नया सिलेंडर
इस सेवा की एक बड़ी खासियत यह है कि नया HP Navya सिलेंडर खरीदने के लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। पहली बार ऑर्डर करने पर इसे नए कनेक्शन की तरह माना जाएगा।
खाली सिलेंडर लौटाकर मंगवा सकेंगे रिफिल
पहली खरीद के बाद ग्राहक खाली HPCL सिलेंडर वापस देकर आसानी से रिफिल सिलेंडर मंगा सकेंगे। डिलीवरी HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर और प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से की जाएगी।
ग्राहकों को मिलेगा आसान और तेज़ अनुभव
कंपनी के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य एलपीजी सिलेंडर की खरीद और रिफिल प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल, तेज़ और सुविधाजनक बनाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर ग्राहकों को कम समय में सुरक्षित डिलीवरी मिल सके।

