20 लाख रुपये के करीब कीमत, 110 HP की ताकत… Ducati DesertX V2 भारत में लॉन्च, ऑफ-रोडिंग के लिए मिलेंगे खास फीचर्स

Ducati DesertX V2 भारत में 19.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश हुई। जानें 890cc इंजन, 110 HP पावर, छह राइडिंग मोड और फीचर्स की पूरी जानकारी।

20 लाख रुपये के करीब कीमत, 110 HP की ताकत… Ducati DesertX V2 भारत में लॉन्च, ऑफ-रोडिंग के लिए मिलेंगे खास फीचर्स

एडवेंचर बाइक पसंद करने वालों के लिए Ducati ने भारतीय बाजार में अपनी नई जनरेशन DesertX V2 पेश कर दी है। दमदार इंजन, एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑफ-रोडिंग के लिए तैयार डिजाइन वाली इस पीएम बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी ने देशभर की डीलरशिप पर इसकी बुकिंग शुरू कर दी है, जबकि डिलीवरी दिसंबर 2026 के पहले सप्ताह से शुरू होने की जानकारी दी गई है।

नई DesertX V2 को खास तौर पर उन राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो हाईवे के साथ मुश्किल रास्तों पर भी लंबी दूरी तय करना चाहते हैं। बाइक में नया V2 इंजन, लंबा सस्पेंशन ट्रैवल और छह अलग-अलग राइडिंग मोड दिए गए हैं।

890cc इंजन से मिलेगी 110 HP की पावर

Ducati DesertX V2 में 890cc का ट्विन-सिलेंडर V2 इंजन दिया गया है। यह 9,000 rpm पर 110 HP की अधिकतम पावर और 7,000 rpm पर 92 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के अनुसार, इंजन का लगभग 70 प्रतिशत टॉर्क 3,000 rpm पर ही उपलब्ध हो जाता है, जिससे कम स्पीड पर भी बेहतर खिंचाव मिलने की उम्मीद है।

इसमें IVT यानी वेरिएबल इनटेक वाल्व टाइमिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। ऑफ-रोडिंग के दौरान बेहतर कंट्रोल के लिए शुरुआती चार गियर को छोटा रखा गया है, जबकि हाईवे पर कम इंजन स्पीड के साथ सफर करने के लिए छठा गियर लंबा दिया गया है।

मुश्किल रास्तों के लिए खास चेसिस और सस्पेंशन

बाइक को एल्युमीनियम मोनोकॉक फ्रेम पर तैयार किया गया है। इसका सस्पेंशन सेटअप भी एडवेंचर राइडिंग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। आगे 230mm ट्रैवल वाला फुली एडजस्टेबल 46mm अपसाइड-डाउन फोर्क और पीछे 220mm ट्रैवल वाला मोनोशॉक मिलता है।

इसमें आगे 21 इंच और पीछे 18 इंच के ट्यूबलेस स्पोक व्हील दिए गए हैं। इन पर Pirelli Scorpion Rally STR टायर लगाए गए हैं, जो अलग-अलग तरह की सड़क और ऑफ-रोड परिस्थितियों के लिए तैयार किए गए हैं।

छह राइडिंग मोड और सुरक्षा के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी

DesertX V2 में स्पोर्ट, टूरिंग, अर्बन, वेट, एंड्यूरो और रैली सहित छह राइडिंग मोड दिए गए हैं। बाइक में 6-एक्सिस IMU सिस्टम मिलता है, जो कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल और इंजन ब्रेक कंट्रोल जैसी सुविधाओं को सपोर्ट करता है। एंड्यूरो और रैली मोड में ABS को पूरी तरह बंद करने का विकल्प भी दिया गया है।

फीचर्स की बात करें तो इसमें जॉयस्टिक कंट्रोल वाला 5-इंच TFT डिस्प्ले, Ducati Quick Shift 2.0, फुल LED हेडलाइट्स, क्रूज कंट्रोल और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन मिलता है।

एक रंग में उपलब्ध, एक्सेसरीज के भी विकल्प

भारत में नई Ducati DesertX V2 को फिलहाल मैट स्टार व्हाइट सिल्क कलर में पेश किया गया है। कंपनी इसके साथ कुछ वैकल्पिक एक्सेसरीज भी दे रही है। इनमें 8 लीटर का अतिरिक्त फ्यूल टैंक, बुल बार, रेडिएटर गार्ड, एल्युमीनियम पैनियर्स और Termignoni साइलेंसर शामिल हैं।

19.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत के साथ DesertX V2 प्रीमियम एडवेंचर बाइक सेगमेंट में उतरी है। इसकी असली खासियत इसका पावरफुल इंजन, लंबा सस्पेंशन ट्रैवल और ऑफ-रोडिंग के लिए दिए गए इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स हैं।