राजस्थान में कई पंचायत समितियों में निर्विरोध चुने गए प्रधान, BJP-कांग्रेस दोनों को मिली जीत
राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव के बीच कई जगह भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। जानें किन पंचायत समितियों में किसे मिली जीत।
राजस्थान की 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए चुनाव हो रहे हैं। हालांकि, मतदान से पहले ही कई पंचायत समितियों में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गए हैं। इससे दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों को शुरुआती सफलता मिली है।
Rajasthan Pradhan Election 2026 में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की गृह पंचायत समिति मनोहरपुर खेड़ला में भाजपा की रागिनी जाटव निर्विरोध प्रधान चुनी गई हैं। वहीं, भरतपुर जिले की रूपवास पंचायत समिति में भाजपा के ज्ञानेश शर्मा और नदबई में भूपेंद्र सिंह भी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं।
कांग्रेस के इन उम्मीदवारों ने निर्विरोध दर्ज की जीत
कांग्रेस को भी कई पंचायत समितियों में निर्विरोध जीत मिली है। झुंझुनूं जिले की सिंघाना पंचायत समिति में कांग्रेस की पूनम मेघवाल प्रधान निर्वाचित हुई हैं। ओसियां में संतोष कंवर और जैसलमेर जिले की भणियाणा पंचायत समिति में कांग्रेस के अब्दुल रहमान निर्विरोध प्रधान चुने गए हैं।
इसके अलावा जयपुर जिले की शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस की संतरा देवी गुर्जर भी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं। उनके निर्वाचन के साथ शाहपुरा में कांग्रेस ने लगातार चौथी बार प्रधान पद पर कब्जा बरकरार रखा है।
अलवर की दो पंचायत समितियों में भी निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति
अलवर जिले की खेरली-सौंखर पंचायत समिति में भरतपुर सांसद संजना जाटव की जेठानी प्रिया जाटव का निर्विरोध प्रधान बनना तय बताया गया है। वहीं, किशनगढ़बास पंचायत समिति में कांग्रेस की शकुन्नत खान का भी निर्विरोध प्रधान चुना जाना तय है।
शाम 5 बजे तक आएंगे बाकी नतीजे
राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए चुनावी प्रक्रिया जारी है। कई जगह प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचित होने से मुकाबला मतदान तक पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया है। शेष पंचायत समितियों में चुनाव के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, बाकी चुनाव परिणाम शाम 5 बजे तक सामने आने की उम्मीद है।

