सर्दियों में मेथी से बनाएं 3 लाजवाब डिश, आलू की सब्जी से हटकर ट्राई करें दाल और पुलाव की ये रेसिपी
सर्दियों में ताजी हरी मेथी से बनाएं आलू मेथी, चना मेथी दाल और कॉर्न मेथी पुलाव। जानें तीनों स्वादिष्ट डिश बनाने की आसान विधि और सामग्री।
सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी हरी मेथी खूब मिलने लगती है। मेथी का स्वाद और खुशबू खाने का जायका बढ़ा देते हैं। आमतौर पर घरों में इससे आलू मेथी की सब्जी या पराठे बनाए जाते हैं, लेकिन अगर आप रोज-रोज एक जैसा स्वाद चखकर ऊब गए हैं तो इस बार मेथी को कुछ अलग अंदाज में अपनी थाली का हिस्सा बनाइए। इससे स्वादिष्ट सब्जी के साथ पौष्टिक दाल और खुशबूदार पुलाव भी तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं तीन आसान रेसिपी।
1. आलू मेथी: कम मसालों में मिलेगा भरपूर स्वाद
सामग्री:उबले आलू डेढ़ कप, मेथी के पत्ते 4 कप, तेल 4 चम्मच, जीरा 1 चम्मच, हींग एक चौथाई चम्मच, बारीक कटा लहसुन और अदरक 1-1 चम्मच, हरी मिर्च 1, साबुत लाल मिर्च 2, हल्दी आधा चम्मच, जीरा-धनिया पाउडर 2 चम्मच और नमक स्वादानुसार।
बनाने का तरीका:सबसे पहले मेथी के पत्तों को अच्छी तरह साफ करके धो लें। इनमें थोड़ा नमक मिलाकर करीब 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद पत्तों का अतिरिक्त पानी निचोड़ लें। अब पैन में तेल गर्म करके जीरा और हींग का तड़का लगाएं। इसमें लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और साबुत लाल मिर्च डालकर हल्का भूनें। इसके बाद हल्दी और उबले आलू डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आलू को करीब पांच मिनट तक पकने दें। अब मेथी, जीरा-धनिया पाउडर और नमक मिलाकर मध्यम आंच पर 3-4 मिनट पकाएं। तैयार है स्वाद और खुशबू से भरपूर आलू मेथी। इसे रोटी या पराठे के साथ परोसें।
2. चना मेथी दाल: रोज की दाल में आएगा नया स्वाद
सामग्री: चना दाल 1 कप, मेथी के पत्ते 1 कप, बारीक कटा प्याज और टमाटर 1-1, हींग एक चौथाई चम्मच, धनिया पाउडर 1 चम्मच, हल्दी 1 चम्मच, लाल मिर्च पाउडर 1 चम्मच, तेल और नमक आवश्यकतानुसार। तड़के के लिए घी 1 चम्मच, जीरा 1 चम्मच और साबुत लाल मिर्च 2 लें।
बनाने का तरीका: चना दाल को धोकर करीब आधे घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इस दौरान मेथी के पत्तों को साफ करके बारीक काट लें। कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और मेथी को नरम होने तक पकाकर अलग रख दें। अब कुकर में तेल गर्म करके हींग और प्याज डालें। प्याज नरम हो जाए तो टमाटर, धनिया पाउडर, हल्दी और लाल मिर्च मिलाएं। मसाला पकने के बाद भीगी हुई चना दाल पानी सहित डालें और स्वादानुसार नमक मिलाएं। कुकर बंद करके मध्यम आंच पर 5 से 8 सीटी आने तक पकाएं। प्रेशर अपने आप निकलने के बाद दाल को हल्का मैश करें और इसमें पकी हुई मेथी मिला दें। आखिर में घी गर्म करके जीरा और साबुत लाल मिर्च का तड़का लगाएं। इसे दाल में डालकर अच्छी तरह मिलाएं। गर्मागर्म चना मेथी दाल चावल या रोटी के साथ परोस सकते हैं।
3. कॉर्न मेथी पुलाव: लंच के लिए बनाएं खुशबूदार डिश
सामग्री: बासमती चावल डेढ़ कप, स्वीट कॉर्न आधा कप, बारीक कटी मेथी 1 कप, तेल 1 चम्मच, काली मिर्च 4, दालचीनी का 1 टुकड़ा, लौंग 2, इलायची 2, बारीक कटा प्याज आधा कप, हरी मिर्च 2, हल्दी एक चौथाई चम्मच और नमक स्वादानुसार।
बनाने का तरीका:सबसे पहले बासमती चावल को अच्छी तरह धोकर करीब दो घंटे के लिए पानी में भिगो दें। अब कुकर में तेल गर्म करें और काली मिर्च, दालचीनी, लौंग, इलायची डालें। इसके बाद प्याज मिलाकर सुनहरा होने तक भूनें। इसमें हरी मिर्च, स्वीट कॉर्न, कटी हुई मेथी और हल्दी डालकर 2-3 मिनट तेज आंच पर पकाएं। भीगे हुए चावल का पानी निकालकर उन्हें कुकर में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं। अब तीन कप पानी और नमक डालकर कुकर बंद कर दें। मध्यम आंच पर एक सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें। प्रेशर अपने आप निकलने पर पुलाव को सावधानी से खोलें और गर्मागर्म दही व पापड़ के साथ परोसें।
इस सर्दी मेथी को दें नया अंदाज
अगर आप सर्दियों में रोजमर्रा के खाने में कुछ नया शामिल करना चाहते हैं तो ये तीनों रेसिपी अच्छे विकल्प हो सकती हैं। कभी आलू मेथी का स्वाद लें, कभी चना दाल में मेथी का तड़का लगाएं और कभी कॉर्न मेथी पुलाव से खाने को खास बनाएं।

