छठ के खरना पर ऐसे बनाएं पारंपरिक गुड़ की खीर, स्वाद ऐसा कि हर कोई मांगेंगा दोबारा!

छठ पूजा के खरना पर गुड़ की खीर यानी रसिया बनाने की आसान रेसिपी जानें। दूध, चावल और गुड़ से बनने वाला प्रसाद तैयार करते समय इन जरूरी बातों का ध्यान रखें।

छठ के खरना पर ऐसे बनाएं पारंपरिक गुड़ की खीर, स्वाद ऐसा कि हर कोई मांगेंगा दोबारा!

छठ महापर्व में खरना का दिन बेहद खास माना जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा करते हैं और गुड़ की खीर व रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। बिहार और पूर्वांचल के कई इलाकों में इस खीर को 'रसिया' भी कहा जाता है। दूध, चावल और गुड़ से बनने वाली यह खीर स्वाद में जितनी खास होती है, इसे तैयार करने का तरीका भी उतना ही सरल है।

खरना का प्रसाद बनाते समय साफ-सफाई और परंपरागत नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है। अगर आप भी घर पर खरना के लिए गुड़ की खीर बनाना चाहते हैं, तो इस आसान विधि को अपना सकते हैं।

गुड़ की खीर बनाने के लिए जरूरी सामग्री

खरना की पारंपरिक खीर बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। इसे घर में मौजूद चीजों से आसानी से तैयार किया जा सकता है।

- फुल क्रीम दूध – 1 लीटर

- छोटे दाने वाले चावल – 50 ग्राम

- गुड़ – 100 ग्राम

- हरी इलायची – 4 से 5

- काजू और बादाम – थोड़ी मात्रा में

- किशमिश – स्वादानुसार

- कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल – इच्छानुसार

गुड़ की मात्रा आप अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं। खीर बनाने से पहले चावल को अच्छी तरह धोकर 15 से 30 मिनट तक पानी में भिगो दें। इससे चावल जल्दी पकेंगे और खीर की बनावट भी अच्छी बनेगी।

सबसे पहले दूध में पकाएं चावल

खीर बनाने के लिए सबसे पहले मोटे तले वाला बर्तन लें और उसमें दूध डालकर गर्म करें। दूध में उबाल आने पर इसमें पहले से भिगोए हुए चावल डाल दें।

अब गैस की आंच धीमी कर दें और चावल को दूध में पकने दें। बीच-बीच में खीर को चलाते रहें, ताकि चावल बर्तन की तली में चिपके नहीं। जब चावल अच्छी तरह गल जाएं और दूध गाढ़ा होने लगे, तब इसमें इलायची, कटे हुए काजू और बादाम डाल दें।

खीर को कुछ देर धीमी आंच पर और पकाएं। ध्यान रखें कि इसे जल्दी तैयार करने के लिए तेज आंच का इस्तेमाल न करें। धीमी आंच पर पकाने से दूध गाढ़ा होता है और चावल अच्छी तरह गल जाते हैं।

गुड़ डालते समय रखें इस बात का खास ध्यान

गुड़ की खीर बनाते समय सबसे जरूरी बात यह है कि उबलते हुए दूध में सीधे गुड़ न डालें। ऐसा करने से दूध फट सकता है और खीर खराब हो सकती है।

इसके लिए सबसे पहले चावल के पूरी तरह पक जाने पर गैस बंद कर दें। खीर को थोड़ा ठंडा होने दें। जब वह हल्की गर्म रह जाए, तब उसमें छोटे टुकड़ों में कटा या कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें।

अब खीर को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गुड़ पूरी तरह घुल जाए। अगर गुड़ में अशुद्धियां हों, तो उसे थोड़े पानी में अलग से गर्म करके छान लें। इसके बाद गुड़ के घोल को ठंडा करके खीर में मिलाएं।

खरना की पूजा में चढ़ाया जाता है गुड़ की खीर का प्रसाद

खीर तैयार होने के बाद इसे खरना की पूजा में प्रसाद के रूप में चढ़ाया जाता है। पूजा के बाद व्रती गुड़ की खीर और रोटी ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही छठ व्रत का कठिन निर्जला चरण शुरू होता है, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होता है।

छठ पूजा में खरना का प्रसाद केवल भोजन नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और शुद्धता से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसे बनाते समय स्वच्छता और घर की परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाता है।