मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को इनकम टैक्स अफसर बताया, शादी का झांसा देकर युवती से 80 लाख की ठगी

जयपुर में मैट्रिमोनी ऐप के जरिए दिल्ली की युवती को शादी का झांसा देकर 80 लाख रुपये ऐंठने और दुष्कर्म का आरोप। खुद को इनकम टैक्स अफसर बताने वाला आरोपी मेरठ से गिरफ्तार, जानें पूरा मामला।

मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को इनकम टैक्स अफसर बताया, शादी का झांसा देकर युवती से 80 लाख की ठगी

जयपुर की होटलों में दिल्ली की एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म और 80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने मैट्रिमोनी ऐप के जरिए युवती से संपर्क किया और खुद को इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर बताया। शादी का भरोसा दिलाकर उसने युवती से कथित तौर पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। विधायकपुरी थाना पुलिस ने फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है।

शादी डॉट कॉम के जरिए हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की आरोपी से दिसंबर 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर बताया और युवती को शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों मिलने-जुलने लगे।

जयपुर की कई होटलों में शारीरिक शोषण का आरोप

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, आरोपी उसे दिल्ली से जयपुर लेकर आया और यहां कई होटलों में शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इस दौरान उसने दिल्ली में फ्लैट खरीदने, रिश्वत देने और नौकरी में परेशानी जैसी वजहें बताकर युवती से करीब 80 लाख रुपये ले लिए।

दूसरी लड़की से अफेयर का पता चलने पर खुला मामला

शिकायत के अनुसार, युवती को बाद में आरोपी के किसी दूसरी लड़की से संबंध होने की जानकारी मिली। इस बात को लेकर विवाद होने पर आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। इसके बाद पीड़िता को आरोपी की मैट्रिमोनी प्रोफाइल फर्जी होने का पता चला।

दिल्ली में दर्ज शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने दिल्ली के पालम विलेज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला जयपुर से जुड़ा होने के कारण 3 सितंबर को जीरो नंबर एफआईआर विधायकपुरी थाने भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की पहचान मेरठ निवासी 27 वर्षीय सरस्वती सागर के रूप में की।

मेरठ में घर से गिरफ्तार, तीन दिन की पुलिस रिमांड

डीसीपी (साउथ) राजर्षिराज के अनुसार, पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में मेरठ पहुंचकर उसके घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। विधायकपुरी थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।