जयपुर के होटल में 22 वर्षीय छात्र की मौत, सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मचा हड़कंप; प्रतियोगी परीक्षा की कर रहा था तैयारी
जयपुर के वैशाली नगर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र राकेश की होटल गर्वित में मौत हो गई। सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के बाद परिजनों ने होटल पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जयपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र की एक होटल में मौत का मामला सामने आया है। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खातीपुरा तिराहे के पास स्थित होटल गर्वित की है। छात्र रविवार रात होटल में ठहरा था। देर रात उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट सामने आने के बाद परिजनों ने उसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।
सोशल मीडिया पोस्ट देखकर परिजन हुए चिंतित
पुलिस के अनुसार मृतक छात्र राकेश, जयपुर ग्रामीण के नरैना क्षेत्र का रहने वाला था। वह जयपुर में पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
रविवार रात करीब 10 बजे उसने होटल में कमरा लिया था। देर रात करीब 1 बजे उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें उसने अपनी मानसिक परेशानी और माता-पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने की बात लिखी थी। पोस्ट में होटल की जानकारी का भी जिक्र था।
राकेश के चचेरे भाई मंगल चंद ने पोस्ट देखने के बाद उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, मगर कुछ देर बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया।
होटल पहुंचे परिजन, पुलिस को दी सूचना
रात करीब 2:30 बजे मंगल चंद अपने परिचितों के साथ राकेश की तलाश करते हुए होटल पहुंचे। होटल प्रबंधन से जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने कमरे तक पहुंचकर उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
स्थिति संदिग्ध लगने पर कमरे को खोलकर देखा गया। राकेश को मृत अवस्था में पाए जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया। सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पोस्ट, होटल में ठहरने से जुड़ी जानकारी और छात्र की परिस्थितियों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
युवाओं पर पढ़ाई और उम्मीदों का दबाव भी सवालों में
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान युवाओं पर पढ़ाई, करियर और परिवार की अपेक्षाओं का दबाव कई बार काफी बढ़ जाता है। ऐसी परिस्थितियों में परेशान महसूस करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए परिवार, दोस्त, शिक्षक या किसी भरोसेमंद बड़े से बात करना महत्वपूर्ण है। किसी की परेशानी को अकेले संभालना जरूरी नहीं है।

