Jaipur Crime: कोचिंग स्टूडेंट को विदेश में नौकरी का झांसा, शादी का दबाव; महिला टीचर पर 5 लाख की ब्लैकमेलिंग का आरोप
जयपुर में महिला टीचर पर कोचिंग छात्र को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाने, शादी के लिए दबाव बनाने और इनकार करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप है। छात्र की मां की शिकायत पर FIR दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
जयपुर में एक महिला टीचर पर कोचिंग स्टूडेंट को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाने और बाद में ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक, महिला टीचर ने स्टूडेंट पर शादी के लिए दबाव बनाया। जब उसने शादी से इनकार किया तो कथित तौर पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की गई।
मामले में पीड़ित छात्र की मां ने सोमवार शाम पुलिस में FIR दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोचिंग में हुई थी महिला टीचर से जान-पहचान
पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी 44 वर्षीय महिला ने शिकायत में बताया कि उनका बेटा एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने जाता है। इसी दौरान उसकी वहां पढ़ाने वाली महिला टीचर से जान-पहचान हुई।
आरोप है कि बातचीत के दौरान महिला टीचर ने छात्र को विदेश में नौकरी दिलाने की बात कही और इसी बहाने उससे संपर्क बढ़ाया।
महंगे होटल और रेस्टोरेंट ले जाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संपर्क बढ़ने के बाद महिला टीचर छात्र को अपने खर्चे पर महंगे होटल और रेस्टोरेंट ले जाने लगी। उसे फिल्म दिखाने के लिए भी ले जाया गया। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर महिला टीचर ने छात्र पर शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
शादी से इनकार पर घर पहुंचकर हंगामा करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, छात्र ने शादी के लिए तैयार होने से इनकार कर दिया। इसके बाद 1 सितंबर को महिला टीचर कथित तौर पर छात्र के घर पहुंची और वहां हंगामा किया।
आरोप है कि महिला ने छात्र को झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये की मांग की। साथ ही ऊंचे लोगों तक पहुंच होने का दावा करते हुए जेल भिजवाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देने का भी आरोप है।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर छात्र की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
गुरुग्राम में आपराधिक मामले दर्ज होने का दावा
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला टीचर के खिलाफ गुरुग्राम, हरियाणा में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। हालांकि, इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में सामने आए आरोपों की सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होगी।

