Jaipur Crime: 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, दोस्ती के बाद सुनसान जगह ले गया युवक

जयपुर में 15 वर्षीय 10वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्क में मुलाकात के बाद 23 वर्षीय युवक उसे घूमने के बहाने सुनसान जगह ले गया और जबरदस्ती की। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Jaipur Crime: 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, दोस्ती के बाद सुनसान जगह ले गया युवक

जयपुर में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि सार्वजनिक पार्क में मुलाकात के बाद 23 वर्षीय युवक ने छात्रा से दोस्ती की और घूमने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। बाद में उसे सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पार्क में हुई थी आरोपी से मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, जयपुर निवासी नाबालिग छात्रा एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। तीन दिन पहले वह सार्वजनिक पार्क में घूमने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। बातचीत के दौरान युवक ने उससे दोस्ती कर ली और घूमने चलने के बहाने अपने साथ ले गया।

आरोप है कि युवक पहले छात्रा को एक रेस्टोरेंट में ले गया, जहां खाना खिलाने के बाद उसे घूमने के बहाने रेलवे स्टेशन के पास ले गया।

धमकाकर वारदात करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्रा को सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी और वहां से फरार हो गया।

परिजनों को बताई आपबीती, पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना के बाद डरी-सहमी नाबालिग घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन उसे थाने लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया और उसके बयान दर्ज किए। जांच के दौरान आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने दबिश देकर शनिवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।