Jaipur News: कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध में उतरे लोग, विधायक प्रशांत शर्मा की गाड़ी रोकने की कोशिश

जयपुर के आमेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 149 में कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के विरोध का मामला सामने आया है। हांडीपुरा में उनके समर्थन में पहुंचे विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को स्थानीय लोगों ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की।

Jaipur News: कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध में उतरे लोग, विधायक प्रशांत शर्मा की गाड़ी रोकने की कोशिश

नगर निकाय चुनाव की वोटिंग की तारीख नजदीक आने के साथ ही जयपुर में टिकट वितरण को लेकर सियासी घमासान तेज होता जा रहा है। आमेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 149 में कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के विरोध का मामला सामने आया है। शनिवार शाम उनके समर्थन में पहुंचे आमेर विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को भी स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

हांडीपुरा में दिखाए काले झंडे, जमकर नारेबाजी

जानकारी के मुताबिक, विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट की गाड़ी आमेर के हांडीपुरा इलाके में पहुंची थी। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

विरोध कर रहे लोगों की नाराजगी वार्ड नंबर 149 से अंजलि ब्रह्मभट्ट को कांग्रेस का टिकट दिए जाने को लेकर बताई जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग विधायक और प्रत्याशी की गाड़ी के पास पहुंच गए और वाहन को रोकने का प्रयास करने लगे।

गाड़ी पर चढ़े प्रदर्शनकारी, नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप

विरोध के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी गाड़ी पर भी चढ़ गए। वहीं, कुछ लोगों पर वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप है। घटना के दौरान समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

टिकट वितरण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी

बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 149 में निवर्तमान पार्षद अंजलि ब्रह्मभट्ट को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों का एक वर्ग नाराज है। टिकट वितरण के फैसले के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को भी विरोध का सामना करना पड़ा।

नगर निकाय चुनाव से पहले सामने आए इस विरोध ने कांग्रेस के अंदर टिकट वितरण को लेकर चल रही नाराजगी को एक बार फिर सामने ला दिया है।