ATM बूथ में 41.70 लाख की लूट, गर्लफ्रेंड से करवाई रेकी; 26.80 लाख के साथ युवती गिरफ्तार
जयपुर के अक्षयपात्र चौराहे के पास ATM कैश डिपोजिट मशीन से 41.70 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी की गर्लफ्रेंड अंशु कुमारी जाटव को 26.80 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, फरार तीन बदमाशों ने वारदात से पहले उससे ATM बूथ की रेकी करवाई थी।
Jaipur Crime: जयपुर के अक्षयपात्र चौराहे के पास एटीएम बूथ में लगी कैश डिपोजिट मशीन से निकाले गए 41.70 लाख रुपए बैंक कर्मचारियों से लूटने के मामले में फरार तीन बदमाशों का अब तक पता नहीं चला है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी ओला-उबर में अपनी कारें टैक्सी के तौर पर चलाते थे। वारदात से पहले एक आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड से एटीएम बूथ की रेकी करवाई थी।
पुलिस ने मामले में आरोपी की गर्लफ्रेंड अंशु कुमारी जाटव (22) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूट की रकम में से 26.80 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पुलिस को रेकी और वारदात की साजिश से जुड़ी जानकारी मिलने की बात सामने आई है। मामला रामनगरिया थाना क्षेत्र का है।
गर्लफ्रेंड से दो-तीन बार करवाई रेकी
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार अंशु कुमारी जाटव मूल रूप से नदबई, भरतपुर की रहने वाली है। वह रामनगरिया इलाके के किशनपुरा स्थित बजरंग दीप प्रथम में किराए से रहकर डी-मार्ट में नौकरी करती थी।
पुलिस के मुताबिक, अंशु की करीब 6-7 महीने पहले मस्तराम मीणा से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद पिछले करीब डेढ़ महीने से साथ रह रहे थे।
जांच के अनुसार, मस्तराम और उसके दो दोस्तों पर कर्ज था और पैसों की जरूरत थी। इसके बाद तीनों ने मिलकर लूट की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि उन्होंने बैंक में काम करने वाले अपने एक परिचित से अक्षयपात्र चौराहे के एटीएम बूथ में लगी कैश डिपोजिट मशीन के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद मस्तराम ने अपनी गर्लफ्रेंड अंशु को दो-तीन बार एटीएम बूथ पर भेजकर वहां की गतिविधियों की रेकी करवाई।
बैंक कर्मचारी कैश जमा करने पहुंचे तो किया फोन
पुलिस जांच के मुताबिक, गणेश चतुर्थी के दिन सुबह बैंक खुलने के बाद अंशु को एटीएम बूथ के आसपास निगरानी के लिए भेजा गया था। इसी दौरान उसने बैंक की दो महिला कर्मचारियों और एक पुरुष कर्मचारी को कैश डिपोजिट मशीन से रकम निकालते देखा।
अंशु ने इसकी जानकारी फोन करके अपने बॉयफ्रेंड मस्तराम को दी और वहां से निकल गई। इसके बाद मस्तराम अपने दोनों साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और कथित तौर पर बैंक कर्मचारियों से हथियार के बल पर कैश लूटकर फरार हो गया।
तीनों बदमाशों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद तीनों आरोपी अपनी कारों को छिपाकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की पहचान मस्तराम मीणा निवासी मासलपुर, करौली, पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी और सुमित जंगम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों जयपुर में अपनी-अपनी कारें ओला-उबर कंपनियों में टैक्सी के तौर पर चलाते थे। पुलिस उनकी तलाश के साथ लूट की बाकी रकम और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

