बगरू की फैक्ट्री में भीषण आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार
जयपुर के बगरू स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र में रोहित पॉली प्रोडक्ट्स फैक्ट्री के गोदाम में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया गया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
जयपुर के बगरू इलाके में बुधवार शाम एक फैक्ट्री के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित रोहित पॉली प्रोडक्ट्स फैक्ट्री की है, जहां करीब 4:30 बजे गोदाम में आग की लपटें उठने लगीं।
आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बगरू नगर पालिका, रीको दमकल विभाग और आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछारें की गईं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखा सामान और अन्य संपत्ति कितनी क्षतिग्रस्त हुई है, इसका आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर नियंत्रण के साथ ही घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

