Jaipur Central Jail: जेल में बंदियों के मोबाइल इस्तेमाल का मामला, CCTV में कॉल करते दिखा कैदी

जयपुर सेंट्रल जेल की बैरक से मोबाइल फोन बरामद होने के मामले में दो बंदियों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। CCTV फुटेज में एक बंदी मोबाइल पर बात करता दिखा, जिसके बाद उसने फोन साथी बंदी को छिपाने के लिए देने का आरोप है।

Jaipur Central Jail: जेल में बंदियों के मोबाइल इस्तेमाल का मामला, CCTV में कॉल करते दिखा कैदी

जयपुर सेंट्रल जेल में बंदियों के मोबाइल इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की ओर से की गई तलाशी के दौरान एक बैरक से मोबाइल फोन बरामद किया गया। CCTV फुटेज की जांच में एक बंदी मोबाइल पर बात करता हुआ दिखाई दिया। आरोप है कि कॉल करने के बाद उसने मोबाइल अपने साथी बंदी को छिपाने के लिए दे दिया था।

जेल प्रशासन ने मोबाइल जब्त करने के बाद दोनों बंदियों के खिलाफ लालकोठी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।

CCTV में मोबाइल पर बात करता दिखा बंदी

ASI सूरजमल के मुताबिक, जयपुर सेंट्रल जेल के प्रहरी देशराज मीणा (30) ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, जेल के वार्ड नंबर-5 की बैरक संख्या-9 में बंदी विष्णु सांसी बंद है।

जेल प्रशासन बैरक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की निगरानी कर रहा था। इसी दौरान शुक्रवार रात फुटेज में बंदी शिवराज गुर्जर मोबाइल फोन पर बात करता हुआ दिखाई दिया।

साथी को मोबाइल छिपाने के लिए देने का आरोप

पुलिस के अनुसार, कॉल खत्म होने के बाद शिवराज गुर्जर ने मोबाइल फोन अपने साथी बंदी विष्णु सांसी को दे दिया। आरोप है कि विष्णु ने मोबाइल को अपनी बैरक में छिपा दिया।

CCTV फुटेज के आधार पर जेल प्रशासन ने बैरक में तलाशी ली और वहां छिपाया गया मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया।

दोनों बंदियों के खिलाफ FIR

मोबाइल फोन जब्त करने के बाद जेल प्रशासन ने उसे लालकोठी थाने में जमा करवाया। पुलिस ने बंदी विष्णु सांसी और शिवराज गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और इसका इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया गया था।