निकाय-पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, डोटासरा-रंधावा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बनाई रणनीति

Rajasthan Congress: नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डोटासरा और रंधावा की बैठक में चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों और संगठन मजबूती पर चर्चा हुई।

निकाय-पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, डोटासरा-रंधावा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बनाई रणनीति

राजस्थान में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा की अध्यक्षता में जयपुर स्थित पीसीसी वार रूम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, स्थानीय मुद्दों और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस के सहप्रभारी चिरंजी राव, पूनम पासवान सहित प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष और राजस्थान से जुड़े एआईसीसी पदाधिकारी शामिल हुए। वरिष्ठ नेताओं ने आगामी नगर निकाय और पंचायत राज चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और जमीनी स्तर से मिल रहे फीडबैक पर विचार-विमर्श किया।

27 जिलों के कांग्रेस नेताओं के साथ अलग-अलग चरणों में बैठक

कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने प्रदेश के 27 जिलों के कांग्रेस नेताओं के साथ अलग-अलग चरणों में बैठकें कीं। इन बैठकों में संबंधित जिलों के जिलाध्यक्ष, विधायक एवं विधायक प्रत्याशी, सांसद एवं सांसद प्रत्याशी, जिला प्रभारी और सहप्रभारी, जिला प्रमुख, महापौर तथा अग्रिम संगठनों एवं विभागों/प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्षों ने हिस्सा लिया।

बैठकों में प्रत्येक जिले की स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों, जनता से जुड़े मुद्दों, संगठन के भीतर आपसी समन्वय और आगामी चुनावों के लिए बूथ एवं स्थानीय स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने स्थानीय नेताओं से जमीनी फीडबैक भी लिया और चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कांग्रेस नेतृत्व ने इस दौरान संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और स्थानीय मुद्दों को चुनावी रणनीति का प्रमुख हिस्सा बनाने पर जोर दिया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सहप्रभारी चिरंजी राव और पूनम पासवान भी मौजूद रहे।

चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेसजनों के लिए आवेदन लिंक जारी

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी बनने के इच्छुक कांग्रेसजनों के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक लिंक और क्यूआर कोड जारी किया है। चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस कार्यकर्ता और कांग्रेसजन इस माध्यम से अपना आवेदन कर सकेंगे। पार्टी की ओर से इस प्रक्रिया को आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों से पहले कांग्रेस का यह अभियान संगठन को सक्रिय करने और संभावित प्रत्याशियों की पहचान करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में जिला और स्थानीय स्तर पर बैठकों तथा संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए चुनावी तैयारियों को और गति दिए जाने की संभावना है।