Jaipur Crime: जयपुर में बॉडी बिल्डर ने किया सुसाइड, दो दिन पहले अहमदाबाद से धर्म बहन से मिलने आया था

जयपुर के करणी विहार क्षेत्र में बॉडी बिल्डर लोकेश शर्मा उर्फ लक्की का शव फ्लैट के कमरे में फंदे से लटका मिला। वह दो दिन पहले अहमदाबाद से धर्म बहन से मिलने जयपुर आया था। पुलिस ने FSL टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Jaipur Crime: जयपुर में बॉडी बिल्डर ने किया सुसाइड, दो दिन पहले अहमदाबाद से धर्म बहन से मिलने आया था

जयपुर में एक बॉडी बिल्डर के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। करणी विहार थाना क्षेत्र के जगदम्बा नगर में रविवार दोपहर एक फ्लैट के कमरे में बॉडी बिल्डर का शव फंदे से लटका मिला। मृतक दो दिन पहले ही अहमदाबाद से अपनी धर्म बहन से मिलने जयपुर आया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और FSL टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

कमरे से बाहर नहीं आया तो हुआ शक

करणी विहार थाना SHO सत्यपाल यादव के अनुसार, मृतक की पहचान लोकेश शर्मा उर्फ लक्की (30) पुत्र सुरेश चंद शर्मा के रूप में हुई है। वह दौसा जिले के लालसोट का रहने वाला था और अहमदाबाद में रहकर बॉडी बिल्डिंग करता था।

पुलिस के मुताबिक, लोकेश दो दिन पहले जयपुर के करणी विहार स्थित जगदम्बा नगर में रहने वाली अपनी धर्म बहन से मिलने आया था। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चला गया। इसके बाद देर रात उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

दोपहर तक कमरे से नहीं निकला

रविवार सुबह परिवार के लोग उठ गए, लेकिन लोकेश कमरे से बाहर नहीं आया। दोपहर करीब 12 बजे तक उसके बाहर नहीं आने पर धर्म बहन उसे जगाने के लिए कमरे के बाहर पहुंची। काफी आवाज लगाने और गेट खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

शक होने पर गेट को धक्का देकर खोला गया। कमरे के अंदर लोकेश का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम को भी बुलाया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।