8वीं की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, पड़ोसी युवक ने कार में ले जाकर की वारदात
जयपुर में 8वीं कक्षा की 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज कर आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की है।
जयपुर में 8वीं कक्षा की 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक छात्रा को मिलने के बहाने कॉलोनी से बाहर बुलाकर कार में ले गया और सुनसान जगह पर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की है।
बातचीत होने के कारण युवक पर था भरोसा
थानाधिकारी के अनुसार, पीड़िता जयपुर की रहने वाली है और एक निजी स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ती है। कॉलोनी में रहने के कारण उसकी आरोपी युवक से बातचीत होती रहती थी।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर की शाम आरोपी ने छात्रा को मिलने के बहाने कॉलोनी से बाहर बुलाया। आरोप है कि वहां से वह छात्रा को बहला-फुसलाकर कार में बैठाकर ले गया।
सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
आरोप है कि युवक नाबालिग को द्रव्यवती नदी के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां खड़ी कार में उसके साथ जबरदस्ती की। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और किसी को घटना के बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी नाबालिग को घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
डरते हुए परिजनों को बताई आपबीती
घर पहुंचने के बाद नाबालिग ने डरते हुए अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे। नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं और POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

