दूसरी ट्रेन को रास्ता देते समय कैसे बेकाबू हुई सैरांग एक्सप्रेस? लोको पायलट का वीडियो आया सामने
असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से पहले का वीडियो सामने आया है। लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार कम नहीं होने और इमरजेंसी ब्रेक का जिक्र करते सुनाई दे रहे हैं।
असम में गुवाहाटी के पास हुए सैरांग एक्सप्रेस हादसे से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इसमें लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार कम नहीं होने और इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। हादसा बुधवार सुबह दिगारू रेलवे स्टेशन पर हुआ था, जहां कोलकाता से मिजोरम के सैरंग जा रही ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए थे।
दूसरी ट्रेन को रास्ता देते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता से सैरंग जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर ट्रेन गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां दूसरी ट्रेन को पहले रास्ता देने के लिए सैरांग एक्सप्रेस को स्टेशन पर लिया जा रहा था।
इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो पाई और इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
लोको पायलट के वीडियो में क्या सुनाई दिया?
हादसे से ठीक पहले का बताया जा रहा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें लोको पायलट को यह कहते सुना जा सकता है कि ट्रेन की स्पीड कम नहीं हो रही है। बातचीत के दौरान वह रेड सिग्नल और इमरजेंसी ब्रेक का भी जिक्र करते हैं।
वीडियो में उनकी आवाज से पता चलता है कि ट्रेन को रोकने की कोशिश की जा रही थी। इसके कुछ ही देर बाद तेज आवाज सुनाई देती है और हादसा हो जाता है।
वीडियो सामने आने के बाद ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम और तकनीकी स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। केवल वीडियो के आधार पर ब्रेक सिस्टम में खराबी की पुष्टि नहीं की जा सकती।
चार यात्रियों को आई मामूली चोट
हादसे के बाद रेलवे ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने बताया था कि घटना में चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई।
रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पटरी से उतरे इंजन और डिब्बों को हटाने के साथ रेल यातायात बहाल करने का काम भी शुरू किया गया।
अब जांच के दायरे में ट्रेन की रफ्तार और तकनीकी स्थिति
लोको पायलट का वीडियो सामने आने के बाद हादसे के दौरान ट्रेन को नियंत्रित करने की कोशिशों पर चर्चा तेज हो गई है। सबसे अहम सवाल यह है कि दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान सैरांग एक्सप्रेस की रफ्तार कम क्यों नहीं हो पाई।
हादसे की वजह जानने के लिए ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम, तकनीकी उपकरणों और उस समय की परिचालन परिस्थितियों की जांच महत्वपूर्ण होगी।

