जीरो FIR पर अड़ी कांग्रेस: रातभर कमिश्नरेट में जमीन पर सोए डोटासरा-खाचरियावास, सुबह धक्का-मुक्की और पुलिस का हल्का बल प्रयोग

रितु बराला मामले में जयपुर में जीरो FIR की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं का कमिश्नरेट में धरना जारी। डोटासरा रातभर डटे रहे, पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।

जीरो FIR पर अड़ी कांग्रेस: रातभर कमिश्नरेट में जमीन पर सोए डोटासरा-खाचरियावास, सुबह धक्का-मुक्की और पुलिस का हल्का बल प्रयोग

जयपुर। एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के साथ दिल्ली में कथित मारपीट और अभद्रता के मामले ने जयपुर में सियासी रंग ले लिया है। कांग्रेस नेता मांग कर रहे हैं कि इस प्रकरण में जयपुर में जीरो एफआईआर दर्ज की जाए। उनकी नाराजगी इस बात को लेकर है कि दिल्ली पुलिस के कर्मियों के खिलाफ अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसी मांग को लेकर नेता सोमवार शाम से पुलिस कमिश्नरेट में धरने पर डटे हैं।

मंगलवार को हालात तब गरमा गए जब कमिश्नरेट के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को वहां से हटाया।

जयपुर पुलिस का इनकार

दूसरी ओर, जयपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया है। पुलिस का तर्क है कि इस मामले में दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज हो चुका है।

रात धरनास्थल पर ही कटी

प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और कई अन्य नेताओं ने रात कमिश्नरेट परिसर में जमीन पर ही गुजारी। मंगलवार सुबह सभी ने धरनास्थल पर ही चाय पी और नाश्ता किया।

राहुल गांधी के फोन के बाद पहुंचे डोटासरा

बताया जा रहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने डोटासरा को फोन कर जयपुर में एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कहा था। इसके बाद डोटासरा सोमवार शाम करीब 6:15 बजे कमिश्नरेट पहुंचे थे।