जयपुर: हवामहल में अचानक आए ATS कमांडो, तैनाती से मच गया हड़कंप

जयपुर: हवामहल में अचानक आए ATS कमांडो, तैनाती से मच गया हड़कंप

जयपुर के ऐतिहासिक हवामहल में आज अचानक एटीएस कमांडो की तैनाती से हड़कंप मच गया। अत्याधुनिक हथियारों से लैस जवानों को स्मारक के अलग-अलग हिस्सों में पोजिशन लेते देख पर्यटक और स्थानीय लोग कुछ देर के लिए सहम गए। 

रणनीतिक तरीके से ऑपरेशन
एटीएस की चौथी इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने हवामहल परिसर में बेहद रणनीतिक तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया। कमांडो टीम ने कुछ ही मिनटों में स्मारक के प्रवेश और निकास द्वारों को अपने कब्जे में लेकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।


हथियारबंद जवान हवामहल के झरोखों और ऊपरी मंजिलों तक तेजी से पहुंचे और संभावित आतंकी खतरे से निपटने का अभ्यास किया। इस दौरान पर्यटकों की सुरक्षित निकासी और संकरे रास्तों में रेस्क्यू ऑपरेशन का लाइव डेमो भी दिया गया। 

निगरानी में हुई मॉक ड्रिल
पूरी मॉक ड्रिल ATS के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र सिंह और हवामहल अधीक्षक सरोजनी चंचलानी की निगरानी में संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि जयपुर का हवामहल देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र है, ऐसे में इसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह के अभ्यासों से सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी, रिस्पॉन्स टाइम और आपदा प्रबंधन क्षमता का परीक्षण होता है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि राजस्थान पुलिस किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है।