हाईकोर्ट जज का घर भी नहीं बचा चोरों से! दिनदहाड़े ताले तोड़कर नकदी-बर्तन ले उड़े
अलवर के आर्यनगर में राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश भुवन गोयल के घर दिनदहाड़े चोरी हुई। चोर नकदी और कीमती सामान ले गए। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
अलवर शहर में चोरों ने राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर के न्यायाधीश भुवन गोयल के घर को दिनदहाड़े निशाना बना लिया। आर्यनगर स्थित मकान में चोरों ने जंगले और दरवाजों के कुंडे तोड़कर प्रवेश किया और घर से नकदी, पीतल के कीमती बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
चोर मकान की देखरेख करने वाले एडवोकेट जगदीश सैनी का आधार कार्ड भी अपने साथ ले गए।
शाम को लौटे केयरटेकर तो घर का नजारा देखकर रह गए हैरान
मामले की शिकायत एडवोकेट जगदीश सैनी ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे वर्ष 2009 से जज भुवन गोयल के पिता दिवंगत बाबूलाल गोयल एडवोकेट के साथ वकालत करते रहे हैं। उनके निधन के बाद से वे परिवार के अलवर स्थित ऑफिस और मकान की देखरेख करते हैं।
22 सितंबर की सुबह जगदीश सैनी कोर्ट स्थित अपने ऑफिस चले गए थे। शाम करीब 4 बजे जब वे वापस मकान पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। जंगले का कुंडा, मुख्य दरवाजे का लॉक और छत की ओर जाने वाले रास्ते का दरवाजा टूटा हुआ था।

इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।
CCTV फुटेज से मिला पुलिस को सुराग
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की स्पष्ट तस्वीर सामने आने की बात कही गई।
इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की।
एक संदिग्ध हिरासत में, चोरी का सामान बरामद करने की कोशिश
कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद के मुताबिक मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस चोरी किए गए सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या चोरी से पहले मकान की रेकी की गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने मामले में आगे की कार्रवाई के बाद वारदात से जुड़ी और जानकारी सामने आने की बात कही है।

