बीकानेर निकाय चुनाव रिजल्ट: सुबह 8 बजे खुलेगा स्ट्रॉन्ग रूम, 10 बजे से आने लगेंगे नतीजे
बीकानेर नगर निगम और जिले की 6 नगरपालिकाओं के निकाय चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित होंगे। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और करीब 10 बजे से शुरुआती रुझान व नतीजे आने की संभावना है।
बीकानेर में निकाय चुनाव के बाद अब नतीजों की बारी है। नगर निगम और जिले की 6 नगरपालिकाओं के चुनाव परिणाम सोमवार को सामने आएंगे। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी, जबकि शुरुआती नतीजे करीब 10 बजे से आने की संभावना है। मतगणना को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में खुलेगा स्ट्रॉन्ग रूम
मतगणना से पहले स्ट्रॉन्ग रूम को निर्धारित समय पर खोला जाएगा। इसकी पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार वीडियोग्राफी के बीच होगी। स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अधिकृत पास वालों को ही एंट्री
मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश मिलेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के किसी को भी मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अलग-अलग मंजिलों पर होगी काउंटिंग
बीकानेर नगर निगम के साथ नोखा और श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका की मतगणना प्रथम तल पर बनाए गए कक्षों में होगी। वहीं लूणकरणसर, देशनोक, नापासर और खाजूवाला नगरपालिकाओं के लिए भू-तल पर अलग-अलग मतगणना कक्ष निर्धारित किए गए हैं।
पर्यवेक्षक ने परखी व्यवस्थाएं
मतगणना से एक दिन पहले जिला निर्वाचन अधिकारी और पर्यवेक्षक नारायण सिंह ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू और बीकानेर विकास प्राधिकरण सचिव हेमेन्द्र नागर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अब EVM खुलने का इंतजार
मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों और समर्थकों की नजरें EVM पर टिक जाएंगी। सुबह 8 बजे काउंटिंग शुरू होने के बाद करीब 10 बजे से शुरुआती रुझान और नतीजे सामने आने की उम्मीद है। इसके साथ ही बीकानेर नगर निगम और 6 नगरपालिकाओं में किसके पक्ष में जनादेश गया, इसका तस्वीर साफ होने लगेगी।

