बीकानेर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, एक बाइक पर सवार तीन भाइयों की मौत; अज्ञात वाहन की तलाश
बीकानेर में पलाना और उदयरामसर के बीच जोधपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के तीन भाइयों चन्दाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग की मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
बीकानेर में देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पलाना और उदयरामसर के बीच जोधपुर हाईवे पर एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों आपस में भाई बताए जा रहे हैं।
गांव लौट रहे थे तीनों भाई
जानकारी के मुताबिक स्वरूपदेसर निवासी चन्दाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना की सूचना पर गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक
पुलिस ने तीनों शवों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही स्वरूपदेसर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
CCTV फुटेज से तलाशे जा रहे सुराग
गंगाशहर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई के अनुसार हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टक्कर किस वाहन से हुई और हादसे के बाद चालक किस दिशा में गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

