जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले सख्ती, सौरभ भारद्वाज हिरासत में; कई मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

दिल्ली में जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान AAP नेता सौरभ भारद्वाज समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन के मद्देनजर BNSS की धारा 163 लागू है और 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद किए गए हैं।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले सख्ती, सौरभ भारद्वाज हिरासत में; कई मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

दिल्ली में 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रदर्शन का आह्वान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था।

‎प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर जंतर-मंतर रोड को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है। इलाके में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। प्रशासन ने यहां BNS की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए हैं।

‎AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

‎कई मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

‎प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद किया गया है। इनमें जनपथ, पटेल चौक, सेवा तीर्थ, लोक कल्याण मार्ग, चावड़ी बाजार और रामकृष्ण आश्रम मार्ग समेत कई स्टेशन शामिल हैं।

‎‎वहीं, राजीव चौक, मंडी हाउस, INA, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे कुछ स्टेशनों पर यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहने की जानकारी दी गई है।

‎‎यह पूरा मामला वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) में कथित अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ा है। AAP और छात्र संगठनों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद प्रदर्शन की कोशिश को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

‎