दिल्ली में 16 साल की छात्रा से चलती बस में गैंगरेप, 47 किमी तक दरिंदगी; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

दिल्ली में 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा से चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है।

दिल्ली में 16 साल की छात्रा से चलती बस में गैंगरेप, 47 किमी तक दरिंदगी; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

दिल्ली में 16 वर्षीय 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने किशोरी को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी उसे कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रास्ता पूछने के बहाने बस में बैठी छात्रा

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा 4 अगस्त को अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए नोएडा के लिए निकल गई थी। रात में भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह रास्ता भटक गई और गलती से परी चौक पर उतर गई।

नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए उसने एक स्लीपर बस को रुकवाकर रास्ता पूछा। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।

बस में कोई दूसरी सवारी नहीं थी

बस में चढ़ने के बाद छात्रा को पता चला कि बस में कोई अन्य यात्री नहीं था। आरोप है कि बस आगे बढ़ने के बाद कंडक्टर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने मिलकर चलती बस में उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपियों ने किशोरी को किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक, करीब 47 किलोमीटर तक चलती बस में किशोरी के साथ यह वारदात होती रही। इसके बाद आरोपियों ने देर रात उसे कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पीड़िता ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।

कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी की निगरानी में पुलिस टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।