राजस्थान की मेधावी बेटियों को मिलेंगे 3 से 6 हजार रुपये, गार्गी पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू
राजस्थान में गार्गी पुरस्कार और बालिका प्रोत्साहन योजना 2026-27 के आवेदन शुरू हो गए हैं। पात्र छात्राओं को 3,000 से 6,000 रुपये तक मिलेंगे। अंतिम तिथि 25 दिसंबर है।
राजस्थान की मेधावी छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य में गार्गी पुरस्कार और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र छात्राओं को 3,000 से 6,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
राजस्थान बालिका शिक्षा फाउंडेशन की सचिव उषा शर्मा ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (मुख्यालय) माध्यमिक को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने राजकीय और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाली प्रत्येक पात्र छात्रा का आवेदन निर्धारित समय में करवाने को कहा है।
Gargi Award: दो किस्तों में मिलेंगे 6 हजार रुपये
गार्गी पुरस्कार योजना के तहत माध्यमिक परीक्षा में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली पात्र छात्राओं को दो किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाएगी।
पहली किस्त के लिए माध्यमिक परीक्षा 2026 में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली और सत्र 2026-27 में कक्षा 11 में नियमित अध्ययनरत छात्राएं पात्र होंगी। उन्हें 3,000 रुपये और प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
वहीं, दूसरी किस्त के लिए माध्यमिक परीक्षा 2025 में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली तथा वर्तमान सत्र में कक्षा 12 में नियमित अध्ययनरत छात्राओं को 3,000 रुपये दिए जाएंगे। इस तरह दोनों किस्तों में पात्रता पूरी करने वाली छात्राओं को कुल 6,000 रुपये का प्रोत्साहन मिल सकता है।
बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार में मिलेंगे 5 हजार रुपये
बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली पात्र छात्राओं को 5,000 रुपये और प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। इसमें माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान और स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल की छात्राएं शामिल हैं।
Shala Darpan Portal से होगा ऑनलाइन आवेदन
दोनों योजनाओं के आवेदन विद्यालय के स्कूल लॉगिन से शाला दर्पण पोर्टल के लाभार्थी योजना पोर्टल पर ऑनलाइन भरे जाएंगे। पुरस्कार राशि जन आधार एकीकरण और डीबीटी के माध्यम से छात्राओं के खाते में हस्तांतरित की जाएगी। प्रमाण-पत्र भी पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।
आवेदन सबमिट करने से पहले छात्रा की अंकतालिका और जन आधार कार्ड में दर्ज नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और लिंग का मिलान करना जरूरी है। दोनों दस्तावेजों में जानकारी अलग-अलग होने पर आवेदन या भुगतान में तकनीकी परेशानी आ सकती है।
पात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश
शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि गार्गी और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार योजनाएं छात्राओं की प्रतिभा को सम्मान देने के साथ उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने विभाग से अपील की कि आवेदन में लापरवाही या तकनीकी त्रुटि के कारण कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए। सभी विद्यालय समय पर आवेदन करवाएं और जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

