आर्मी की वर्दी में दिखे सचिन पायलट, मशीनगन से की फायरिंग प्रैक्टिस और लगाए पुश-अप्स

सचिन पायलट आर्मी की वर्दी में दिल्ली कैंट स्थित 124 सिख रेजिमेंट पहुंचे। उन्होंने मशीनगन से फायरिंग प्रैक्टिस, ड्रिल और फिटनेस अभ्यास किया।

आर्मी की वर्दी में दिखे सचिन पायलट, मशीनगन से की फायरिंग प्रैक्टिस और लगाए पुश-अप्स

राजस्थान के कांग्रेस नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट (Sachin Pilot) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि आर्मी की वर्दी में ट्रेनिंग करते हुए उनका वीडियो है। सचिन पायलट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी यूनिट में बिताए समय की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। इनमें वह कॉम्बैट यूनिफॉर्म पहनकर सैन्य अभ्यास करते नजर आ रहे हैं।

दिल्ली कैंट में 124 सिख रेजिमेंट के साथ की ट्रेनिंग

सचिन पायलट दिल्ली कैंट स्थित अपनी 124 सिख रेजिमेंट की यूनिट पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ ड्रिल और फायरिंग प्रैक्टिस में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मशीनगन से निशाने साधे और सेना के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार फिटनेस अभ्यास भी किया।

वीडियो में सचिन पायलट अलग-अलग तरह की जंप और पुश-अप्स करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने यूनिट में कुछ समय ड्रिल और ट्रेनिंग में बिताया।

सचिन पायलट ने लिखा कि सेना में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और सहनशक्ति हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है।

Territorial Army में मेजर हैं सचिन पायलट

सचिन पायलट राजनीति के साथ-साथ टेरिटोरियल आर्मी (Territorial Army) में मेजर की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। उन्होंने सितंबर 2012 में टेरिटोरियल आर्मी जॉइन की थी। उस समय वह केंद्र सरकार में दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री थे।

टेरिटोरियल आर्मी में शुरुआत में उन्हें लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया गया था। इसके बाद उन्हें कैप्टन के पद पर प्रमोशन मिला। अक्टूबर 2023 में उन्होंने मेजर पद पर पदोन्नति के लिए परीक्षा दी थी। परीक्षा पास करने के बाद वह मेजर बने।

टेरिटोरियल आर्मी के तहत उन्हें हर साल निर्धारित अवधि के लिए सैन्य सेवाएं देनी होती हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें देश में कहीं भी ड्यूटी के लिए बुलाया जा सकता है। इस सेवा में नियमित वेतन के बजाय ड्यूटी के दौरान रैंक के अनुसार भुगतान किया जाता है।

सचिन पायलट के परिवार का भी सेना से रहा है नाता

सचिन पायलट के परिवार का सेना से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके पिता राजेश पायलट भारतीय वायुसेना में स्क्वॉड्रन लीडर थे। बाद में उन्होंने वीआरएस लेकर राजनीति में कदम रखा था।

वहीं, सचिन पायलट के दादा भी भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात थे। सचिन पायलट ने टेरिटोरियल आर्मी से जुड़कर परिवार की इस सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है।