नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा, 1000 से ज्यादा कट्टे बरामद; संचालक गिरफ्तार

जयपुर के दौलतपुरा में पुलिस ने नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। छापेमारी में 1000 से ज्यादा खाद के कट्टे बरामद हुए और संचालक गिरफ्तार हुआ।

नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा, 1000 से ज्यादा कट्टे बरामद; संचालक गिरफ्तार

किसानों को नकली खाद बेचकर धोखाधड़ी करने के आरोप में जयपुर पुलिस ने एक फैक्ट्री का खुलासा किया है। DST वेस्ट टीम ने बुधवार को दौलतपुरा इलाके में एक फैक्ट्री पर छापा मारकर अलग-अलग ब्रांड के नाम से तैयार किए जा रहे 1000 से ज्यादा नकली खाद के कट्टे बरामद किए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक सुनील शर्मा को गिरफ्तार किया है।

सूचना के आधार पर फैक्ट्री में दबिश

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई DCP वेस्ट प्रशांत किरण के निर्देश पर की गई। एडिशनल DCP वेस्ट राजेश गुप्ता के सुपरविजन में DST वेस्ट प्रभारी गणेश सैनी और टीम ने सूचना के आधार पर दौलतपुरा स्थित फैक्ट्री में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में खाद के कट्टे मिले। इन पर अलग-अलग कंपनियों और ब्रांड के नाम अंकित होने की बात सामने आई है।

जयपुर में तैयार होता था कच्चा माल

एडिशनल DCP वेस्ट राजेश गुप्ता के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि नकली खाद के लिए कच्चा माल जयपुर में ही तैयार किया जाता था। इसके बाद अलग-अलग ब्रांड के नाम से खाद तैयार कर उसकी सप्लाई दूसरे राज्यों में की जाती थी।

पुलिस के मुताबिक यह खाद गुजरात, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत अन्य राज्यों में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

1000 से ज्यादा कट्टे जब्त

फैक्ट्री पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक हजार से अधिक खाद के कट्टे जब्त किए हैं। पुलिस अब इन कट्टों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनमें किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया गया था।

इसके अलावा फैक्ट्री में नकली खाद तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनों और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है।

दो पार्टनर मिलकर चला रहे थे फैक्ट्री

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री का संचालन कथित तौर पर दो पार्टनर मिलकर कर रहे थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितनी नकली खाद तैयार की गई और किन-किन राज्यों में इसकी सप्लाई की गई।