मालाखेड़ा में अध्यक्ष चुनाव के दौरान हंगामा, टीकाराम जूली की पुलिस से तीखी नोकझोंक

अलवर की मालाखेड़ा नगर पालिका में अध्यक्ष पद की वोटिंग के दौरान टीकाराम जूली की पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक हुई। भाजपा प्रत्याशी के बैरिकेडिंग के अंदर पहुंचने पर जताई आपत्ति।

मालाखेड़ा में अध्यक्ष चुनाव के दौरान हंगामा, टीकाराम जूली की पुलिस से तीखी नोकझोंक

अलवर की मालाखेड़ा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस नेता टीकाराम जूली की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हो गई। कांग्रेस पार्षदों के साथ वोटिंग स्थल पर पहुंचे जूली ने भाजपा प्रत्याशी पूरण चंद मीणा के बैरिकेडिंग के अंदर पहुंचने पर कड़ी आपत्ति जताई।

दरअसल, अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग की प्रक्रिया चल रही थी। कांग्रेस पार्षद वोट डालने के लिए बैरिकेडिंग के अंदर जा रहे थे। इसी दौरान भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पूरण चंद मीणा भी अंदर पहुंच गए। मीणा ने वहां मौजूद कांग्रेसी पार्षदों से बातचीत शुरू कर दी।

पूरण चंद मीणा के बैरिकेडिंग के अंदर पहुंचने पर टीकाराम जूली ने सवाल खड़े किए। जूली ने पुलिस अधिकारियों से पूछा कि जब पार्षद वोटिंग के लिए अंदर जा रहे हैं, तो भाजपा प्रत्याशी को अंदर आने की अनुमति कैसे मिली?

मामला यहीं नहीं रुका। जूली और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस तेज हो गई। उन्होंने मौके पर मौजूद एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी से भी सवाल-जवाब किए। जूली ने उनसे सीधे पूछा कि पूरण चंद मीणा अंदर कैसे पहुंचे और उन्हें किस आधार पर बैरिकेडिंग के भीतर जाने दिया गया।

इस दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। अध्यक्ष पद के चुनाव के बीच जूली के विरोध और पुलिस अधिकारियों के साथ बहस के चलते चुनाव स्थल पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

मालाखेड़ा में अध्यक्ष पद का चुनाव पहले से ही राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा था। ऐसे में वोटिंग के दौरान भाजपा प्रत्याशी के बैरिकेडिंग के अंदर पहुंचने और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली के विरोध ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया।