Sikar Agniveer Rally: 1 अक्टूबर से सेना भर्ती रैली, 13 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना

सीकर में 1 से 23 अक्टूबर 2026 तक सांवली रोड स्थित जिला खेल स्टेडियम में अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित होगी। जयपुर और सीकर क्षेत्र से करीब 13 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने पेयजल, मेडिकल, ट्रैफिक और सुरक्षा समेत जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Sikar Agniveer Rally: 1 अक्टूबर से सेना भर्ती रैली, 13 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना

Sikar Agniveer Rally: सीकर में अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। 1 से 23 अक्टूबर 2026 तक सांवली रोड स्थित जिला खेल स्टेडियम में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें जयपुर और सीकर क्षेत्र के विभिन्न उपखंडों से करीब 13 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रैली के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

पेयजल से लेकर मेडिकल सुविधा तक की व्यवस्था

जिला कलक्टर ने रैली स्थल पर पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, साफ-सफाई, बेरिकेडिंग और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एंबुलेंस, मेडिकल टीम, कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी सुविधाओं को भी पहले से तैयार रखने को कहा गया है।

बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने संभावित भीड़ और दूसरी समस्याओं का आकलन कर पहले से व्यवस्था करने पर जोर दिया है।

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर भी फोकस

भर्ती रैली के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। जिला कलक्टर ने पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रैली स्थल के आसपास अस्थायी अन्नपूर्णा रसोई लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सिंथेटिक ट्रैक को नुकसान न पहुंचे, इसलिए विशेष निर्देश

सेना की ओर से लगाए जाने वाले डोम और टेंट को सिंथेटिक ट्रैक के बाहर स्थापित करने के लिए कहा गया है। इसका उद्देश्य स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक को किसी भी तरह के नुकसान से बचाना है।

13 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद

सेना भर्ती अधिकारी कर्नल हरीशचंद्र ने बताया कि रैली में जयपुर और सीकर क्षेत्र के उपखंडों से अभ्यर्थी शामिल होंगे। करीब 13 हजार युवाओं के भर्ती रैली में पहुंचने की संभावना है।

जिला प्रशासन और सेना की टीम भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ तैयारियां कर रही हैं।