Sikar Crime: 16 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर 25 ग्राम MD के साथ गिरफ्तार, सप्लाई से पहले पुलिस ने दबोचा

सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने 16 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर विजय उर्फ छोटू को 25 ग्राम MD के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजीतगढ़ से MD लेकर सीकर में सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया।

Sikar Crime: 16 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर 25 ग्राम MD के साथ गिरफ्तार, सप्लाई से पहले पुलिस ने दबोचा

Sikar Crime: सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने 16 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर विजय उर्फ छोटू (36) को 25 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजीतगढ़ से एमडी लेकर सीकर आया था और इसकी सप्लाई करने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

उद्योग नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर विजय उर्फ छोटू एमडी लेकर सीकर आया है और किसी जगह इसकी सप्लाई करने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि आरोपी विजय उर्फ छोटू पुत्र ईश्वर सिंह जाखड़, निवासी जयपुर-झुंझुनूं बायपास, दासा की ढाणी फाटक के पास, को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 25 ग्राम एमडी बरामद हुई है।

10 साल तक अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा रहा

पुलिस के अनुसार विजय उर्फ छोटू उद्योग नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसने वर्ष 2012 में अपराध की शुरुआत की थी। पुलिस का कहना है कि करीब 10 साल तक वह अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा रहा।

इस दौरान उसके खिलाफ अवैध शराब की बिक्री, मारपीट समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हुए। उसके खिलाफ कुल 16 मामले दर्ज बताए गए हैं।

कुछ महीने पहले शुरू किया MD की सप्लाई का काम

पुलिस के मुताबिक अवैध शराब के कारोबार से कमाई घटने के बाद आरोपी ने कुछ महीने पहले एमडी की सप्लाई शुरू की थी। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे एमडी के साथ पकड़ लिया।

इस साल NDPS एक्ट में 19वीं कार्रवाई

पुलिस के अनुसार एमडी की बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उद्योग नगर थाना पुलिस की ओर से इस साल NDPS एक्ट के तहत यह 19वीं कार्रवाई बताई जा रही है।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में कॉन्स्टेबल देवीलाल, दिनेश, मामराज और भूपेंद्र शामिल रहे। पुलिस आरोपी से नशीले पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।