Jaipur News: जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में लगी आग, कांस्टेबल ने जलता सिलेंडर बाहर फेंककर टाला बड़ा हादसा

जयपुर के मुहाना स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के दौरान भट्टी जलाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। कांस्टेबल कान सिंह ने साहस दिखाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और जलते सिलेंडर को बाहर फेंककर बड़ा हादसा टाल दिया।

Jaipur News: जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में लगी आग, कांस्टेबल ने जलता सिलेंडर बाहर फेंककर टाला बड़ा हादसा

जयपुर में जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार को मुहाना स्थित इस्कॉन मंदिर में गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मंदिर परिसर में भट्टी जलाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें VIP पंडाल तक पहुंच गईं। हादसे के समय मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

हालात बिगड़ते देख मुहाना थाने में तैनात कांस्टेबल कान सिंह ने साहस दिखाते हुए जलते हुए सिलेंडर को बाहर फेंक दिया। इससे आग आसपास रखे अन्य गैस सिलेंडरों तक पहुंचने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला

आग की सूचना मिलते ही कांस्टेबल कान सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग के बीच पहुंचकर कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने जलते हुए गैस सिलेंडर को भी मंदिर परिसर से बाहर कर दिया।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास कई अन्य गैस सिलेंडर रखे हुए थे। ऐसे में आग के उनके संपर्क में आने पर स्थिति गंभीर हो सकती थी। कांस्टेबल की तत्परता से आग को फैलने से रोकने में मदद मिली।

दमकल टीम ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। पुलिस और दमकल टीम की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया।

कांस्टेबल कान सिंह की बहादुरी की चर्चा

घटना के दौरान कांस्टेबल कान सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। जलते सिलेंडर को बाहर करने के उनके फैसले से आग के अन्य सिलेंडरों तक पहुंचने का खतरा भी कम हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने कांस्टेबल के साहस और सूझबूझ की सराहना की।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले बढ़ी सतर्कता

जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री का शुक्रवार शाम इस्कॉन मंदिर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे से कुछ घंटे पहले मंदिर परिसर में आग लगने की घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।