Gold Silver Price Today: दो दिन की तेजी के बाद सोना-चांदी के भाव में गिरावट, जानें आज का ताजा रेट
Gold Silver Price Today: दो दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। MCX पर सोना ₹1,55,344 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2,41,600 प्रति किलो रही, जबकि रिटेल बाजार में 24 कैरेट सोना ₹1,56,670 पर पहुंच गया।
Gold Silver Price Today: वायदा बाजार में दो दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की मुनाफावसूली और अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार (Nonfarm Payrolls) के आंकड़ों से पहले बाजार में सतर्क रुख का असर कीमती धातुओं पर देखने को मिला।
MCX पर सोने का भाव गिरा
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना वायदा शुक्रवार को 431 रुपये यानी 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 1,55,344 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले सोने की कीमतों में लगातार दो कारोबारी सत्रों में तेजी देखने को मिली थी।
कारोबारियों के मुताबिक, हाल की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव आया। इसके अलावा बाजार की नजर अमेरिका के नॉनफार्म पेरोल्स के आंकड़ों पर भी रही। इन आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी ब्याज दर नीति को लेकर नए संकेत मिल सकते हैं।
क्यों महत्वपूर्ण हैं Nonfarm Payrolls के आंकड़े?
अमेरिका के लेबर डिपार्टमेंट की ओर से जारी किया जाने वाला Nonfarm Payrolls एक प्रमुख आर्थिक संकेतक है। इसमें कृषि क्षेत्र, निजी घरेलू कर्मचारियों और गैर-लाभकारी संगठनों के कर्मचारियों को छोड़कर अर्थव्यवस्था में जोड़े गए रोजगारों की संख्या का आंकड़ा सामने आता है।
इस डेटा का असर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड के साथ-साथ सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर भी पड़ सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना कमजोर
वैश्विक बाजार में न्यूयॉर्क में दिसंबर आपूर्ति वाला कॉमेक्स सोना वायदा भी मामूली गिरावट के साथ 4,528.54 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता रहा।
ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग के अनुसार, बाजार की नजर अमेरिकी रोजगार आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों के आधार पर डॉलर, बॉन्ड यील्ड और कीमती धातुओं की आगे की दिशा प्रभावित हो सकती है।
चांदी की कीमत में भी गिरावट
सोने के साथ चांदी के भाव में भी शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 749 रुपये यानी 0.31 फीसदी गिरकर 2,41,600 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
हाल की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और वैश्विक बाजारों में सतर्क रुख के कारण चांदी की कीमत पर दबाव देखने को मिला। इसके साथ ही चांदी में पिछले दो कारोबारी दिनों से जारी तेजी भी थम गई।
आज का रिटेल सोना-चांदी का भाव
रिटेल बाजार में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,56,670 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इसमें पिछले दिन के मुकाबले 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव 1,43,610 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इसकी कीमत में भी कल के मुकाबले 10 रुपये का इजाफा हुआ है।
चांदी की बात करें तो आज इसकी कीमत 2,499 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जो पिछले दिन के मुकाबले 1 रुपये कम है। इस हिसाब से 100 ग्राम चांदी 24,990 रुपये और 1 किलोग्राम चांदी 2,49,900 रुपये में है।

