Rajasthan Nikay Chunav: बूथ पर प्रत्याशियों और पुलिस अधिकारी में बहस, अलवर में EVM खराब होने से एक घंटे देरी से शुरू हुई वोटिंग

Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान के 162 नगरीय निकायों में पहले चरण की वोटिंग के दौरान रायसिंहनगर में प्रत्याशियों और पुलिस के बीच बहस हुई, जबकि अलवर के वार्ड 51 में EVM खराब होने से मतदान करीब एक घंटे देरी से शुरू हुआ।

Rajasthan Nikay Chunav: बूथ पर प्रत्याशियों और पुलिस अधिकारी में बहस, अलवर में EVM खराब होने से एक घंटे देरी से शुरू हुई वोटिंग

Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान के 162 नगरीय निकायों में पहले चरण के तहत बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में मतदाता अपने प्रतिनिधियों के लिए वोट डाल रहे हैं। इस बीच कुछ मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था और तकनीकी खराबी की शिकायतें भी सामने आई हैं।

रायसिंहनगर में प्रत्याशियों और पुलिस अधिकारी में बहस

श्रीगंगानगर जिले की रायसिंहनगर नगर पालिका के वार्ड नंबर 26 स्थित एक मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों और पुलिस के बीच बहस होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि पुलिस ने प्रत्याशियों से मतदान केंद्र के पास से हटने के लिए कहा था।

प्रत्याशियों के वहां से नहीं हटने पर मकलावा थाना अधिकारी हेमलता शर्मा और प्रत्याशियों के बीच बहस हो गई। हालांकि, बाद में स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया।

अलवर में EVM खराब, एक घंटे देरी से शुरू हुआ मतदान

वहीं, अलवर शहर के वार्ड नंबर 51 के बूथ नंबर 1, ज्ञान दीप स्कूल में ईवीएम में खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। मशीन में तकनीकी समस्या के चलते यहां मतदान करीब एक घंटे की देरी से शुरू हो सका।

मतदान में देरी होने से बूथ पर मौजूद मतदाताओं में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने हंगामा किया। अधिकारियों की ओर से स्थिति को संभालने के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई।