Jaipur Traffic: CM भजनलाल शर्मा के रोड शो से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, जानें डायवर्जन और पार्किंग प्लान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बुधवार को परकोटे में रोड शो को देखते हुए सुबह 11 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन और नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार समेत कई रास्तों पर वाहनों और सिटी बसों की आवाजाही प्रभावित होगी।

Jaipur Traffic: CM भजनलाल शर्मा के रोड शो से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, जानें डायवर्जन और पार्किंग प्लान

Jaipur Traffic Update: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जयपुर के परकोटे में रोड शो करेंगे। रोड शो को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और नो-पार्किंग को लेकर विशेष व्यवस्था की है। सुबह 11 बजे से रोड शो खत्म होने तक परकोटे के कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों और सिटी बसों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।

सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक रोड शो

मुख्यमंत्री का रोड शो सुबह 11:15 बजे सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होगा। यहां से रोड शो जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़ और त्रिपोलिया बाजार होते हुए त्रिपोलिया गेट तक पहुंचेगा।

रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते इस रूट पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। लोगों को आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।

इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़: वाहनों को मिनर्वा चौराहा और रामनिवास बाग की ओर भेजा जाएगा।

न्यू गेट से बापू बाजार: वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

संजय बाजार से सांगानेरी गेट: यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

सुभाष चौक से आने वाला ट्रैफिक: चार दरवाजा, घोड़ा निकास रोड और रामगंज चौपड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

रामगंज चौपड़: वाहनों को घाटगेट, गलता गेट और चार दरवाजा की तरफ भेजा जाएगा।

त्रिपोलिया गेट: वाहनों को चौड़ा रास्ता और छोटी चौपड़ की ओर निकाला जाएगा।

छोटी चौपड़: ट्रैफिक को चौगान चौराहा, संजय सर्किल और अजमेरी गेट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

अगर एमआई रोड या टोंक रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है तो अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।

इन बाजारों में नो-पार्किंग

रोड शो को देखते हुए कई प्रमुख बाजारों को नो-पार्किंग जोन बनाया गया है। इनमें जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चांदपोल बाजार और चौड़ा रास्ता शामिल हैं।

यहां पार्क कर सकेंगे वाहन

यातायात पुलिस की ओर से वैकल्पिक पार्किंग के लिए ये स्थान निर्धारित किए गए हैं:

जेडीए अंडरग्राउंड पार्किंग, रामनिवास बाग

चौगान स्टेडियम परिसर

रामलीला मैदान पार्किंग

आतिश मार्केट पार्किंग स्थल

सिटी बसों की एंट्री भी रहेगी बंद

रोड शो के दौरान JCTSL की लो-फ्लोर बसों, मिनी बसों और अन्य सिटी बसों का परकोटा क्षेत्र में प्रवेश सुबह 11 बजे से रोड शो समाप्त होने तक बंद रहेगा। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर बसों के रूट में भी बदलाव किया जा सकता है।

वहीं, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा, ताकि इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित न हों।

ऐसे में जयपुर के परकोटा क्षेत्र में जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे रोड शो के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें।