रेलवे युवा सम्मेलन में OPS बहाली और 8वें वेतन आयोग को लेकर बड़ा ऐलान
OPS बहाली, NPS-UPS को समाप्त करने को लेकर रेलवे कर्मचारियों ने की मीटिंग
वीओ -- जयपुर के लोको कॉलोनी स्थित कोच केयर कॉम्प्लेक्स परिसर में उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ, जयपुर मंडल की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा रेलकर्मियों ने भाग लेकर कर्मचारी हितों की लड़ाई को नई दिशा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जोनल अध्यक्ष एस.आई. जैकब, जोनल महामंत्री विनोद मेहता, मंडल अध्यक्ष सौरभ दीक्षित और मंडल मंत्री दीपक वर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


OPS बहाली, NPS खत्म करने और 69000 न्यूनतम वेतन की मांग
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और ट्रेड यूनियनों को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सबसे अहम होगी। OPS बहाली, NPS-UPS को समाप्त करने, 8वें वेतन आयोग में न्यूनतम वेतन ₹69000 तय करने, नए पदों के सृजन, रेलवे कैटेगरी के पुनर्गठन, निजीकरण और ठेकेदारी पर रोक, कर्मचारियों को बेहतर आवास व चिकित्सा सुविधाएं देने, नाइट ड्यूटी व बोनस की सीलिंग हटाने जैसे कुल 13 प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

नेताओं ने स्पष्ट कहा कि कोरोना काल में फ्रीज किए गए डीए को ब्याज सहित वापस दिलाने और हार्ड ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को विशेष भत्ता देने की मांग को भी जोर-शोर से उठाया जाएगा। सम्मेलन में मौजूद पदाधिकारियों और वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि इन मांगों को लेकर सरकार से निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी और जब तक समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। कार्यक्रम में जयपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों से आए करीब 1000 से अधिक युवा रेल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकजुटता का संदेश दिया और संगठन को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।
JP Sharma 
