Ajmer Crime: हिस्ट्रीशीटर समेत 2 गिरफ्तार, घर-दुकान में चोरी; रोडवेज बस में यात्री की तबीयत बिगड़ी
अजमेर में मंगलवार को अपराध और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी कई घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने मारपीट के मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो जगह चोरी की वारदात हुई और रोडवेज बस में यात्री की तबीयत बिगड़ने पर ड्राइवर ने बस अस्पताल पहुंचाई।
अजमेर में मंगलवार को अपराध और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी कई घटनाएं सामने आईं। कृष्णगंज थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं अलवर गेट थाना क्षेत्र में ऑटो चालक के घर और कृष्णगंज थाना क्षेत्र में कपड़े की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई। कपड़े की दुकान में हुई चोरी की घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। इसके अलावा भीनाय से अजमेर आ रही रोडवेज बस में एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद ड्राइवर बस को अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर ले गया।
मारपीट के मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत 2 गिरफ्तार
कृष्णगंज थाना पुलिस ने लाठी-डंडों से मारपीट के मामले में हिस्ट्रीशीटर सतनारायण गुर्जर और चौपाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। एएसआई भगवान सिंह के अनुसार, कायड़ निवासी साहिल ने अपने पिता के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस पहले प्रहलाद गुर्जर और भरत चारण को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं फरार चल रहे सतनारायण गुर्जर और चौपाल गुर्जर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
रोडवेज बस में यात्री की तबीयत बिगड़ी
भीनाय से अजमेर आ रही रोडवेज बस में रास्ते में एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति को देखते हुए ड्राइवर ने बस को सीधे अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर पहुंचा दिया।
यात्री रामलाल ने बताया कि वह अपने पिता लक्ष्मीनारायण को दवाई दिलाने अजमेर ला रहा था। रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ने पर ड्राइवर ने बिना देरी किए बस अस्पताल पहुंचाई, जहां उनका उपचार कराया गया।
ऑटो चालक के घर दिनदहाड़े चोरी
अलवर गेट थाना क्षेत्र के विराट नगर में ऑटो चालक के घर चोरी की वारदात सामने आई। पीड़ित दुर्गेश के मुताबिक, वह रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में गया था। रात में घर लौटने पर घर के ताले टूटे मिले।
पीड़ित ने बताया कि चोर घर से जेवरात, 20 हजार रुपए नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने के बाद अलवर गेट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कपड़े की दुकान के ताले तोड़कर चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
कृष्णगंज थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में कपड़े की दुकान के ताले तोड़कर चोरी की गई। दुकानदार शेर सिंह रावत ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले।
जांच में सामने आया कि चोर मंदिर की गुल्लक से 70 हजार रुपए, कैश काउंटर से 1,600 रुपए, एक चांदी का सिक्का और घड़ी चोरी कर ले गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

