Ajmer News: दो दिन में 4 लड़कियां लापता, जन्मदिन का केक काटने के बाद 18 वर्षीय युवती गायब
अजमेर में पिछले दो दिनों में चार युवतियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। इनमें एक युवती जन्मदिन का केक काटने के कुछ घंटे बाद घर से निकली, जबकि दूसरी ने कर्ज से परेशान होने का मैसेज भेजा; पुलिस सभी की तलाश में जुटी है।
अजमेर में पिछले दो दिनों में चार युवतियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं को लेकर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने गुमशुदगी के मामले दर्ज कर युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।
इन मामलों में एक 18 वर्षीय युवती जन्मदिन का केक काटने के कुछ घंटे बाद देर रात घर से लापता हो गई। वहीं, एक 20 वर्षीय युवती घर से बैग लेकर निकली और बाद में परिजनों को मैसेज कर कर्ज से परेशान होने की बात कही। दो अन्य युवतियों के भी अलग-अलग परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत दर्ज हुई है।
बैग लेकर घर से निकली युवती, मैसेज में बताई कर्ज की परेशानी
कृष्णगंज थाना क्षेत्र से 20 वर्षीय युवती 2 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे घर से लापता हुई। परिजनों के मुताबिक, रात तक वह घर पर थी, लेकिन सुबह उठने पर घर में नहीं मिली। तलाश के दौरान आसपास के CCTV कैमरे खंगाले गए तो युवती बैग और थैला लेकर घर से निकलती दिखाई दी।
परिजनों के अनुसार, युवती एक ज्वेलरी की दुकान पर काम करती थी और उसने करीब एक महीने की एडवांस सैलरी भी ली थी। घर से निकलने के बाद उसने मोबाइल से परिजनों को मैसेज किया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर जा रही है और कर्ज से परेशान है।
इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से युवती को जल्द तलाशने की गुहार लगाई। कृष्णगंज थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जन्मदिन मनाया, केक काटा और देर रात घर से निकली
हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र से 3 सितंबर की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच 18 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया। परिजनों के मुताबिक, उसी दिन युवती ने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया और केक भी काटा था।
जन्मदिन मनाने के कुछ घंटे बाद वह देर रात घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पेट दर्द का बहाना बनाकर घर गई, सामान लेकर हुई लापता
हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में ही 20 वर्षीय युवती के लापता होने का एक और मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, 2 सितंबर को परिवार का एक सदस्य जेएलएन अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान रात करीब 1:30 बजे युवती ने पेट में दर्द होने की बात कही और स्कूटी लेकर घर चली गई।
बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद युवती कपड़े, सूटकेस और करीब 5 हजार रुपये लेकर वहां से निकल गई। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
परबतपुरा बाईपास से निकली, घर नहीं पहुंची
चौथे मामले में 18 वर्षीय युवती परबतपुरा बाईपास स्थित एक दुकान से घर के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग मामलों में पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर युवतियों की तलाश कर रही है।

