Rajasthan Civic Polls: निकाय चुनाव में Gen Z की एंट्री, BJP-कांग्रेस ने 70 युवा चेहरों पर लगाया दांव

राजस्थान निकाय चुनाव में BJP और कांग्रेस ने युवा चेहरों पर बड़ा दांव लगाया है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा के 510 वार्ड टिकटों में दोनों दलों ने 70 Gen Z उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।

Rajasthan Civic Polls: निकाय चुनाव में Gen Z की एंट्री, BJP-कांग्रेस ने 70 युवा चेहरों पर लगाया दांव

राजस्थान के निकाय चुनाव में इस बार सिर्फ पुराने राजनीतिक चेहरे ही मैदान में नहीं हैं, बल्कि Gen Z भी चुनावी सियासत में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस ने युवा मतदाताओं के बड़े वोट बैंक को देखते हुए टिकट वितरण में युवा चेहरों को खास तवज्जो दी है।

राजस्थान की 309 नगर निकायों—नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम में करीब 1.40 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 18 से 25 वर्ष की उम्र के युवा मतदाताओं की हिस्सेदारी करीब 14.7 फीसदी है। वहीं 26 से 35 वर्ष की उम्र के मतदाता करीब 25.4 फीसदी हैं। यानी 35 वर्ष तक की उम्र वाले मतदाताओं की संख्या चुनावी नतीजों पर बड़ा असर डाल सकती है।

हर दूसरा उम्मीदवार 40 साल तक की उम्र का

युवाओं के इस बड़े वोट बैंक को देखते हुए BJP और कांग्रेस दोनों ने अपने टिकट वितरण में युवा चेहरों को जगह दी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दोनों प्रमुख दलों के करीब हर दूसरे उम्मीदवार की उम्र 40 वर्ष तक है।

BJP ने करीब 51 फीसदी, जबकि कांग्रेस ने करीब 49 फीसदी युवा उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। इससे साफ है कि दोनों दल निकाय चुनाव के जरिए युवा मतदाताओं को साधने के साथ-साथ नई पीढ़ी के नेताओं को भी आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

5 बड़े शहरों में 70 Gen Z उम्मीदवार

जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा जैसे प्रमुख शहरों में भी BJP और कांग्रेस ने युवा चेहरों पर भरोसा जताया है। इन प्रमुख नगर निगमों के 510 वार्ड टिकटों में दोनों दलों ने मिलकर 70 Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

इन उम्मीदवारों की उम्र 21 से 29 वर्ष के बीच है। यानी अब चुनावी मैदान में ऐसी पीढ़ी भी उतर रही है, जिसने सोशल मीडिया और डिजिटल दौर में राजनीतिक माहौल को करीब से देखा है।

पत्रकारिता छोड़ राजनीति में उतरीं 21 साल की नेहा

युवाओं की चुनावी एंट्री का एक उदाहरण अलवर के थानागाजी में देखने को मिल रहा है। यहां 21 वर्षीय नेहा जोशी BJP के टिकट पर नगर पालिका चुनाव लड़ रही हैं।

सलवार-कुर्ता और वॉकिंग शूज पहनकर चुनाव प्रचार करती नजर आने वाली नेहा कुछ समय पहले तक एक टेलीविजन चैनल में पत्रकार थीं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और कुछ चर्चित टीवी चैनलों में काम भी किया है।

अब नेहा ने पत्रकारिता से राजनीति का रुख किया है और थानागाजी नगर पालिका से BJP उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। उनकी एंट्री यह संकेत देती है कि राजस्थान की स्थानीय राजनीति में युवा और नई पीढ़ी के चेहरे तेजी से अपनी जगह बना रहे हैं।