Jaipur Crime: चलती कार में महिला से छेड़छाड़, पुलिस को शिकायत करते ही आरोपी फरार
जयपुर में लिफ्ट देने के बहाने परिचित युवक पर चलती कार में महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। महिला के 112 पर पुलिस को सूचना देने की बात कहते ही आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जयपुर में चलती कार में महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि लिफ्ट देने के बहाने परिचित युवक ने महिला को कार में बैठाया और रास्ते में उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के विरोध करने और पुलिस को शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार रात FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
5 हजार रुपए लौटाने के लिए बुलाया था
थानाधिकारी के मुताबिक, जयपुर निवासी महिला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला की आरोपी युवक से पहले से जान-पहचान है। शिकायत में बताया गया कि कुछ दिन पहले महिला ने आरोपी से 5 हजार रुपए उधार लिए थे।
महिला ने उधार लिए रुपए लौटाने के लिए 12 सितंबर की सुबह आरोपी को केसर चौराहा बुलाया था। आरोपी कार लेकर वहां पहुंचा, जहां महिला ने उसे उधार के 5 हजार रुपए वापस कर दिए।
लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया
महिला के मुताबिक, उसने आरोपी को बताया कि उसे नौकरी पर जाना है। इस पर आरोपी ने उसे लिफ्ट देने की बात कहकर कार में बैठा लिया। रास्ते में आरोपी ने उसे जूस भी पिलाया।
महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान चलती कार में आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। कार रोकने के लिए कहने के बावजूद वह नहीं रुका। महिला ने विरोध करते हुए पुलिस को शिकायत करने की बात कही।
112 पर शिकायत करते ही कार छोड़कर भागा
पीड़िता ने बताया कि उसने विरोध करते हुए मोबाइल नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने की जानकारी मिलते ही आरोपी परिचित कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

