Jaipur News: मूक-बधिर छात्रों के धरने पर पहुंचे अशोक गहलोत, CM भजनलाल शर्मा से विशेष टीम भेजने की मांग
Jaipur News: जयपुर के आनंदीलाल पोद्दार मूक-बधिर विद्यालय में धरने पर बैठे छात्रों से अशोक गहलोत ने मुलाकात की। उन्होंने CM भजनलाल शर्मा से विशेष टीम भेजकर छात्रों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
जयपुर के आनंदीलाल पोद्दार मूक-बधिर विद्यालय में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे छात्रों से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और कहा कि उनकी मांगों का जल्द समाधान होना चाहिए। गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से विशेष टीम भेजकर पूरे मामले की जांच कराने और छात्रों की परेशानियां दूर करने की मांग की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मूक-बधिर विद्यार्थियों को अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए धरने का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो।

अशोक गहलोत ने अपने पुराने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 45 वर्ष पहले पहली बार जोधपुर से सांसद बनने के बाद उन्होंने एक संस्था के माध्यम से गांधी मूक-बधिर स्कूल की शुरुआत कराई थी, जो आज कॉलेज के रूप में संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वह मूक-बधिर छात्रों की जरूरतों और समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं।

गहलोत ने राज्य सरकार से मांग की कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष टीम विद्यालय भेजी जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से बचाई जा सकती है

