Jaipur Airport: फ्लाइट में बैठने से पहले यात्री की तबीयत बिगड़ी, एयरपोर्ट से अस्पताल ले जाते समय मौत; कई उड़ानें प्रभावित
जयपुर एयरपोर्ट पर बोर्डिंग के दौरान यात्री रोहित अग्रवाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, वहीं इंडिगो की फ्लाइट रद्द और स्पाइसजेट की दुबई फ्लाइट में करीब 17 घंटे की देरी से यात्रियों को परेशानी हुई।
जयपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को फ्लाइट में बैठने से पहले एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान हालत खराब होने पर यात्री को आनन-फानन में एंबुलेंस से निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित अग्रवाल के रूप में हुई है। वह जयपुर से कोलकाता जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे।
इस घटना के अलावा जयपुर एयरपोर्ट पर कई उड़ानों के प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के कारण इंडिगो की जयपुर-उदयपुर फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, जबकि स्पाइसजेट की जयपुर-दुबई फ्लाइट में करीब 17 घंटे की देरी की स्थिति बनी। वहीं, दिल्ली में खराब मौसम के कारण एक इंडिगो फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया।
बोर्डिंग के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
रोहित अग्रवाल गुरुवार को जयपुर से कोलकाता जाने वाले थे। एयरपोर्ट पर बोर्डिंग की प्रक्रिया के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। एयरपोर्ट स्टाफ ने तत्काल उन्हें एंबुलेंस के जरिए निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
फिलहाल यात्री की मौत के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
15 घंटे से एयरपोर्ट पर खड़ा इंडिगो का विमान
इंडिगो की फ्लाइट 6E-7517 को बुधवार शाम 4:50 बजे जयपुर से उदयपुर के लिए रवाना होना था। उड़ान से पहले ATR-72 विमान में तकनीकी खराबी सामने आ गई। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
विमान की तकनीकी समस्या दूर नहीं होने के कारण यह लंबे समय तक जयपुर एयरपोर्ट पर ही खड़ा रहा। करीब 15 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी विमान के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
स्पाइसजेट की दुबई फ्लाइट में 17 घंटे की देरी
स्पाइसजेट की जयपुर-दुबई फ्लाइट SG-5157 भी देरी से प्रभावित रही। बुधवार शाम 5:55 बजे जयपुर से दुबई जाने वाली इस फ्लाइट के गुरुवार सुबह करीब 11:25 बजे रवाना होने की संभावना जताई गई, जिससे यात्रियों को करीब 17 घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों के मुताबिक, वे बुधवार दोपहर बाद से ही फ्लाइट के रवाना होने का इंतजार कर रहे थे।
अगली दुबई फ्लाइट भी रीशेड्यूल
इसी बीच गुरुवार शाम 5:55 बजे जयपुर से दुबई जाने वाली अगली फ्लाइट को भी रीशेड्यूल किया गया। अब इसके शुक्रवार तड़के करीब 4:25 बजे रवाना होने की संभावना है।
लगातार उड़ानों में देरी और रीशेड्यूलिंग के कारण दुबई जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
दिल्ली के खराब मौसम से फ्लाइट जयपुर डायवर्ट
दिल्ली में खराब मौसम का असर भी हवाई यातायात पर देखने को मिला। मौसम की स्थिति के चलते इंडिगो की एक फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। एक के बाद एक उड़ानों के प्रभावित होने और विमानों के लंबे समय तक एयरपोर्ट पर खड़े रहने से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली।

