भजनलाल शर्मा के रोड शो में पत्रकार का ₹1.30 लाख का मोबाइल चोरी, भीड़ के बीच वारदात

राजस्थान के जयपुर परकोटा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो के दौरान पत्रकार रौनक पारीक का करीब 1.30 लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन भीड़ में गायब हो गया। मामले की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है।

भजनलाल शर्मा के रोड शो में पत्रकार का ₹1.30 लाख का मोबाइल चोरी, भीड़ के बीच वारदात

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के परकोटा क्षेत्र में रोड शो किया। राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के बीच कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ के दौरान एक पत्रकार का महंगा मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। रोड शो की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार रौनक पारीक का मोबाइल भीड़ के बीच गायब हो गया। बताया जा रहा है कि मोबाइल की कीमत करीब ₹1 लाख 30 हजार थी। घटना का पता चलने के बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन फोन नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सांगानेरी गेट से शुरू हुआ था रोड शो

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे, जिसके बाद रोड शो की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते दिखाई दिए। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, जयपुर सांसद मंजू शर्मा और विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। रोड शो सांगानेरी गेट से जौहरी बाजार और बड़ी चौपड़ होते हुए त्रिपोलिया गेट तक पहुंचा।

भारी भीड़ के दौरान गायब हुआ फोन

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों की बड़ी संख्या मौजूद थी। इसी दौरान पत्रकार रौनक पारीक अलग-अलग स्थानों से रोड शो की कवरेज कर रहे थे। उनके मुताबिक भीड़ के बीच किसी समय उनका मोबाइल फोन गायब हो गया। फोन की तलाश करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट सिटी के कोतवाली थाने दर्ज करवाई गई है। 

रोड शो के चलते बदली गई थी यातायात व्यवस्था

मुख्यमंत्री के रोड शो को देखते हुए परकोटे के कई प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। सामान्य वाहनों और सिटी बसों की आवाजाही कई मार्गों पर प्रतिबंधित रही और लोगों को वैकल्पिक रास्तों से जाने की सलाह दी गई। जयपुर का यह रोड शो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूसरे चरण के निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम बड़े कार्यक्रमों में शामिल रहा। चुनावी माहौल के बीच पत्रकार का महंगा फोन गायब होने की घटना भी कार्यक्रम के बाद चर्चा में आ गई।