Jaipur Crime News: सेंट्रल पार्क की पार्किंग से CA का पिस्टल-चाकू के दम पर अपहरण, कार पलटी तो बदमाश फरार
जयपुर के सेंट्रल पार्क की पार्किंग से 50 वर्षीय CA राजीव गुप्ता के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो बदमाश हथियारों के साथ उनकी मर्सिडीज में घुसे और आमेर ले जाते समय कार बाइक से टकराकर नाले में पलट गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
जयपुर के सेंट्रल पार्क की पार्किंग से 50 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि मॉर्निंग वॉक के बाद कार में बैठते समय दो बदमाश पिस्टल और चाकू लेकर उनकी मर्सिडीज कार में घुस गए। इसके बाद दोनों उन्हें आमेर की ओर ले गए। रास्ते में CA ने चलती कार का गेट खोलकर मदद मांगने की कोशिश की। इसी दौरान कार एक बाइक से टकराकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले में मोती डूंगरी थाना क्षेत्र निवासी राजीव गुप्ता ने अशोक नगर थाने में किडनैपिंग की एफआईआर दर्ज कराई है। एसीपी पूनम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना की जांच कर रही है।
कार में घुसकर ड्राइविंग सीट पर कब्जा किया
राजीव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 6:30 बजे सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे थे। करीब एक घंटे बाद वह घर जाने के लिए पार्किंग में अपनी कार के पास पहुंचे।
जैसे ही उन्होंने कार का गेट खोला, एक बदमाश पिस्टल लेकर पीछे की सीट पर बैठ गया। गुप्ता कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दूसरे बदमाश ने उन्हें ड्राइविंग सीट से धकेल दिया और चाकू लेकर खुद गाड़ी चलाने लगा।
हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी
शिकायत के मुताबिक, दोनों बदमाश कार को तेज रफ्तार में आमेर की ओर ले गए। रास्ते में उन्होंने हथियार दिखाकर CA को धमकाया और जान से मारने की धमकी दी।
राजीव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच थी। पीछे बैठे बदमाश ने पूरे रास्ते उन पर पिस्टल तान रखी थी।
करीब 15 किलोमीटर दूर कार पलटी
आरोपी कार को शहर से होते हुए दिल्ली रोड की तरफ ले जा रहे थे। पीली की तलाई क्षेत्र के पास राजीव गुप्ता ने चलती कार का गेट खोल दिया और अपना पैर बाहर निकालकर चिल्लाते हुए मदद मांगने की कोशिश की।
बताया गया कि इस दौरान ड्राइवर का ध्यान भटक गया और कार आगे चल रही एक बाइक से टकरा गई। तेज रफ्तार होने के कारण कार सड़क किनारे नाले में जाकर पलट गई।
हादसे के बाद दोनों आरोपी कार की खिड़की से बाहर निकले और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

