Udaipur News: CHC में नर्सिंग ऑफिसर्स से मारपीट, घायलों के 4 अटेंडेंट पर आरोप; CCTV में कैद हुई घटना

उदयपुर के ऋषभदेव CHC में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर चार युवकों ने दो नर्सिंग ऑफिसर्स से मारपीट की। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है और नर्सिंग ऑफिसर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Udaipur News: CHC में नर्सिंग ऑफिसर्स से मारपीट, घायलों के 4 अटेंडेंट पर आरोप; CCTV में कैद हुई घटना

उदयपुर के ऋषभदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में नर्सिंग ऑफिसर्स के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि घायलों के साथ अस्पताल पहुंचे चार युवकों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दो नर्सिंग ऑफिसर्स के साथ मारपीट की। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

मामले में नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र डामोर ने ऋषभदेव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर किया विवाद

नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र डामोर के अनुसार, बीती रात राकेश पुत्र हीरालाल और लालूराम पुत्र जगदीश का हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया था। हादसे के बाद दोनों घायलों को ऋषभदेव CHC लाया गया, जहां उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया।

कुछ देर बाद घायलों के चार साथी युवक अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंग स्टाफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कर्मचारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया।

बीच-बचाव करने आए नर्सिंग ऑफिसर से भी मारपीट

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने पुष्पेंद्र डामोर के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव के लिए उनके साथी नर्सिंग ऑफिसर रामकृष्ण डोडा पहुंचे तो आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने पुलिस को सूचना देने की कोशिश की। नर्सिंग ऑफिसर डामोर के अनुसार, डॉक्टर जयेश कलाल थाने की ओर गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपियों को पकड़कर रखा

पुष्पेंद्र डामोर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद चारों युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने छूटकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक उन्हें पकड़े रखा गया।

इसके बाद चारों युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अब दर्ज मुकदमे और सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।