Jaipur News: 13वीं मंजिल से गिरकर इंजीनियर की मौत, मोबाइल में मिली हादसे से कुछ सेकेंड पहले की सेल्फी
जयपुर के न्यू आतिश मार्केट में 13वीं मंजिल से गिरने से 22 वर्षीय जूनियर इंजीनियर गौरव शर्मा की मौत हो गई। पुलिस को घटना से कुछ सेकेंड पहले की सेल्फी और CCTV फुटेज मिली है। पुलिस हादसे समेत अन्य एंगल से जांच कर रही है।
जयपुर में बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से गिरने से 22 वर्षीय इंजीनियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोडाला निवासी गौरव शर्मा (22) के रूप में हुई है। गौरव आईटी कंपनी एक्सेंचर में जूनियर इंजीनियर के पद पर काम करता था। घटना मानसरोवर थाना क्षेत्र के न्यू आतिश मार्केट की 4 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे की है। घटना का CCTV फुटेज 8 सितंबर को सामने आया।
पुलिस के अनुसार, गौरव अकेले 13 मंजिल की बिल्डिंग पर पहुंचा था। उसके मोबाइल फोन से घटना से कुछ सेकेंड पहले ली गई एक सेल्फी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव को सेल्फी और रील बनाने का शौक था। पुलिस फिलहाल आशंका जता रही है कि सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया।
FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें गौरव अकेले बिल्डिंग की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
सुसाइड के एंगल से भी हुई जांच
मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया कि शुरुआत में पुलिस ने आत्महत्या के एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच की थी। हालांकि, मोबाइल में मिली घटना से कुछ सेकेंड पहले की सेल्फी और CCTV फुटेज के बाद पुलिस अब दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है।
FSL से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
मां से कहा था- मंदिर जा रहा हूं
गौरव के मामा प्रवीण शर्मा ने बताया कि करीब 11 महीने पहले उसकी एक्सेंचर में जूनियर इंजीनियर के पद पर नौकरी लगी थी। वह सप्ताह में चार दिन वर्क फ्रॉम होम और दो दिन सीतापुरा स्थित ऑफिस से काम करता था।
घटना वाले दिन गौरव शाम करीब 6 बजे तक घर से काम कर रहा था। इसके बाद उसने अपनी मां मंजू शर्मा से गोविंददेवजी मंदिर जाने की बात कही। जन्माष्टमी के कारण मंदिर में भीड़ होने की वजह से मां ने उसे अगले दिन जाने के लिए कहा।
इसके बाद गौरव ने पास के महिमा पार्क (राम नगर) जाने की बात कही और घर से निकल गया। बताया गया कि वह महिमा पार्क से मेट्रो के जरिए न्यू आतिश मार्केट पहुंचा था।
दिसंबर में प्रमोशन मिलने की थी उम्मीद, मां को कार देने का था सपना
प्रवीण शर्मा के मुताबिक, गौरव के पिता एडवोकेट अरुण शर्मा की करीब 19 साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां गौरव को लेकर काफी सतर्क रहती थीं और उसे स्कूटी तक चलाने देने से डरती थीं।
मामा ने बताया कि गौरव ने उनसे कहा था कि कंपनी दिसंबर में उसका प्रमोशन करने वाली है। प्रमोशन मिलने के बाद वह अपनी मां को कार गिफ्ट करना चाहता था। परिवार के मुताबिक, गौरव अपने करियर को लेकर काफी उत्साहित था।
पुलिस अब CCTV फुटेज, मोबाइल से मिले साक्ष्यों और FSL रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

