BRICS Summit 2026: 7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग, 12-13 सितंबर को दिल्ली में रहेंगे चीनी राष्ट्रपति
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 साल बाद भारत दौरे पर आ रहे हैं। वह 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे और पीएम मोदी से द्विपक्षीय बातचीत कर सकते हैं।
BRICS Summit 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 साल बाद भारत दौरे पर आ रहे हैं। चीन के विदेश मंत्रालय ने उनके भारत दौरे की पुष्टि कर दी है। मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
भारत इस साल 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 18वें BRICS समिट की मेजबानी कर रहा है। शी जिनपिंग का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब सीमा विवाद के बाद दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को फिर से स्थिर करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
2019 में आखिरी बार भारत आए थे जिनपिंग
शी जिनपिंग की पिछली भारत यात्रा 11-12 अक्टूबर 2019 को हुई थी। उस दौरान वह तमिलनाडु के मामल्लापुरम पहुंचे थे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उन्होंने भारत-चीन के दूसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
इसके बाद भारत और चीन के संबंधों में सीमा विवाद को लेकर तनाव बढ़ा। अब करीब सात साल बाद शी जिनपिंग का भारत दौरा दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
करीब 24 घंटे दिल्ली में रहेंगे चीनी राष्ट्रपति
सूत्रों के मुताबिक, शी जिनपिंग भारत दौरे के दौरान करीब 24 घंटे दिल्ली में रहेंगे। बताया जा रहा है कि वह 12 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली पहुंचेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच भारत मंडपम में द्विपक्षीय बातचीत हो सकती है। इसके बाद चीनी राष्ट्रपति BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
जानकारी के मुताबिक, 13 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे शी जिनपिंग दिल्ली से चीन के लिए रवाना हो जाएंगे।
शी जिनपिंग के इस दौरे पर भारत-चीन संबंधों, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ BRICS के एजेंडे पर चर्चा होने की उम्मीद है।

