Jaipur Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर जयपुर में खास इंतजाम, चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद; 5-6 KM पैदल चलेंगे श्रद्धालु
जयपुर में 4 सितंबर को जन्माष्टमी पर प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे। गोविंददेवजी मंदिर में दर्शन, ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
जन्माष्टमी पर्व को लेकर जयपुर में जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर, इस्कॉन मंदिर मानसरोवर, हरे कृष्ण मंदिर अक्षयपात्र जगतपुरा, अक्षरधाम मंदिर वैशालीनगर समेत शहर के कई प्रमुख मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शन की विशेष व्यवस्था की है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मंदिरों तक पहुंचने के लिए अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है।
5 सितंबर को निकलेगी जन्माष्टमी शोभायात्रा
गोविंददेवजी मंदिर से 5 सितंबर को शाम 4 बजे जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा जलेब चौक, सिरहड्योढ़ी बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों के रास्ते से होते हुए मंदिर श्री गोपीनाथ पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
गोविंददेवजी मंदिर में जलेब चौक से मिलेगा प्रवेश
4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश जलेब चौक की ओर बांदरवाल गेट से निर्धारित रास्ते से होगा। किसी अन्य रास्ते से मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मंगला झांकी से ही दर्शन की व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
जलेब चौक से श्रद्धालुओं के लिए तीन अलग-अलग लाइनें बनाई जाएंगी। इनमें दर्शन पास वाले श्रद्धालु, बिना जूते-चप्पल आने वाले श्रद्धालु और जूते-चप्पल के साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था रहेगी।
दर्शन के लिए 5 से 6 KM पैदल चलना पड़ सकता है
प्रशासन के मुताबिक मंदिर में प्रवेश से लेकर दर्शन के बाद बाहर निकलने तक श्रद्धालुओं को करीब 5 से 6 किलोमीटर पैदल चलना पड़ सकता है। दर्शन के बाद बाहर निकलने के लिए जय निवास बाग के पूर्वी और पश्चिमी गेट निर्धारित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि दर्शन के बाद प्रवेश वाले रास्ते की तरफ वापस जाने का प्रयास न करें और निर्धारित निकास मार्ग का ही इस्तेमाल करें।
जन्माष्टमी पर चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद
जन्माष्टमी के दिन जयपुर की चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा। ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करने और घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
सफाई और रोशनी से लेकर सुरक्षा तक विशेष इंतजाम
जिला कलक्टर संदेश नायक ने जन्माष्टमी और शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस विभाग को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात और पार्किंग व्यवस्था के साथ शोभायात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर निगम को मंदिरों और शोभायात्रा मार्ग पर सफाई, रोशनी, कचरा प्रबंधन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। अतिक्रमण हटाने और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एंबुलेंस और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
चिकित्सा विभाग को प्रमुख मंदिरों और शोभायात्रा मार्ग पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को ठीक करने और जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने को कहा गया है।
मंदिर प्रबंधन को श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास, सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सभी विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर में बैग-पर्स और कीमती सामान न लाएं
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए श्रद्धालुओं से बैग, थैला, लेडीज पर्स, कीमती आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर मंदिर नहीं आने की अपील की गई है। इसके अलावा लैपटॉप, कैमरा, प्रसाद, फल, मिठाई और नारियल भी मंदिर में नहीं लाने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं से हेलमेट भी अपने वाहन पर ही रखने की अपील की गई है।
बुजुर्ग और बीमार लोग भीड़ से बचें
प्रशासन ने बुजुर्गों और बीमार लोगों से विशेष सावधानी बरतने और अत्यधिक भीड़ से बचने की अपील की है। श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करने को कहा गया है।

